बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार के पतन के बाद से भारत के साथ रिश्तों में लगातार तनाव बढ़ा है। वहीं बांग्लादेश अब पाकिस्तान से भी नजदीकियां बढ़ा रहा है जो भारत के लिए अच्छी खबर नहीं है। गंभीर परिस्थितियों के बीच हाल ही में एक सर्वे में इस बात का खुलासा हुआ है कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की विदेश नीति को लेकर लोगों की क्या राय है।
इंडिया टुडे सी वोटर मूड ऑफ द नेशन सर्वे के मुताबिक देश के करीब 51 फीसदी लोगों का मानना है कि नरेंद्र मोदी के राज में भारत के पड़ोसी देशों के साथ संबंध बेहतर हुए हैं। हालांकि ऐसा ना मानने वालों की तादाद भी काफी अधिक है। सर्वे के मुताबिक करीब 35 फीसदी लोगों को लगता है कि मोदी सरकार में भारत के साथ पड़ोसी देशों के संबंध खराब हुए हैं। वहीं 12 फीसदी लोगों का कहना है कि संबंधों में कोई बदलाव नहीं आए हैं।

भारत की विदेश नीति को लेकर सर्वे के नतीजों की बात करें तो लोगों की राय काफी बंटी हुई नजर आई। एक अन्य सवाल में लोगों से पूछा गया था कि क्या बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर भारत सरकार ने माकूल प्रतिक्रिया दी है। इस पर अधिकतर लोगों का कहना है कि बांग्लादेश से और अधिक सख्ती से पेश आने की जरूरत है।
सर्वे में महज 25 फीसदी लोगों ने माना कि भारत ने बांग्लादेश को लेकर पर्याप्त कदम उठाए हैं। वहीं 47 फीसदी लोगों का मानना है कि और मजबूत प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। 18 फीसदी लोगों का यह मानना है कि बांग्लादेश पर वैश्विक दबाव बनाए जाने चाहिए।
|