Mark Tully Journalism: 1980 के लोकसभा चुनाव के समय मुजफ्फरपुर आए थे मार्क टली। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Mark Tully BBC: बीबीसी लंदन के वरिष्ठ और चर्चित संवाददाता मार्क टली का मुजफ्फरपुर से गहरा और आत्मीय जुड़ाव रहा है। उनकी निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली रिपोर्टिंग शैली के मुरीद न केवल पाठक थे, बल्कि राजनीतिक नेता भी उनकी पत्रकारिता की सराहना करते थे।
वरिष्ठ मीडियाकर्मी प्रमोद कुमार के अनुसार, वर्ष 1980 के लोकसभा चुनाव के दौरान मार्क टली ने मुजफ्फरपुर संसदीय क्षेत्र सहित बिहार के कई क्षेत्रों का दौरा किया था। इस दौरान उनके साथ महिला पत्रकार विलकीश भी मौजूद थीं।
उस समय मुजफ्फरपुर से जनता पार्टी के प्रत्याशी वरिष्ठ सांसद दिग्विजय नारायण सिंह थे, जिनसे मार्क टली के पारिवारिक संबंध भी थे। वे उनके ही आवास पर ठहरे थे। वहीं दलित मजदूर किसान पार्टी के प्रत्याशी जॉर्ज फर्नांडिस थे। जॉर्ज फर्नांडिस, दिग्विजय नारायण सिंह और मार्क टली आपस में अच्छे मित्र थे।
हालांकि, मित्रता के बावजूद मार्क टली की रिपोर्टिंग पूरी तरह निष्पक्ष रहती थी। यही कारण था कि दोनों प्रमुख प्रत्याशी उनकी पत्रकारिता की खुले तौर पर प्रशंसा करते थे। उनकी रिपोर्टों में सच्चाई, संतुलन और गहराई साफ झलकती थी।
1980 के चुनाव में लंगट सिंह के पौत्र दिग्विजय नारायण सिंह को पराजय का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद मार्क टली का उनके परिवार से जुड़ाव बना रहा। दिग्विजय सिंह के पुत्र अलख नारायण सिंह और डा. प्रगति कुमार सिंह उन्हें स्नेहपूर्वक ‘चाचा’ कहा करते थे।
मार्क टली ने भारतीय राजनीति और समाज पर आधारित कई महत्वपूर्ण पुस्तकें भी लिखीं। उनकी चर्चित पुस्तक ‘द डिफीट ऑफ ए कांग्रेस मैन’ में दिग्विजय नारायण सिंह, पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, पूर्व विदेश मंत्री श्याम नंदन मिश्र सहित कई प्रमुख नेताओं का उल्लेख मिलता है।
मार्क टली की पत्रकारिता में भारतीय लोकतंत्र, ग्रामीण जीवन और राजनीतिक बदलावों की गहरी समझ दिखाई देती थी। मुजफ्फरपुर से उनका यह आत्मीय रिश्ता आज भी जिले के पत्रकारों और बुद्धिजीवियों के लिए गौरव का विषय है। |