महिला का फाइल फोटो।
संवाद सहयोगी, जागरण. नारखी (फिराेजाबाद)। दबंग पड़ोसी के उत्पीड़न से तंग आकर रजावली क्षेत्र के गांव गढ़ शेखूपुर में महिला ने शनिवार सुबह अपने घर में फंदे से लटक कर जान दे दी। आरोप है कि पड़ोसी ने जबरन कब्जा करने के लिए शुक्रवार रात उसके खेत में गोवंशी छोड़ दिए, जो उसकी गेहूं की फसल खा गए। पुलिस ने दो भाईयों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
पड़ोस में ही रहते हैं आरोपित भाई, 10 दिन पहले हुआ था झगड़ा
28 वर्षीय ज्याेति देवी के खेत के कुछ हिस्से पर पड़ोसी टिंकू ने कब्जा कर मकान बनवा लिया है। इस कारण 10 दिन पहले दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। रजावली पुलिस ने टिंकू का शांति भंग की धारा में चालान किया था। पति समदपाल सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी को गांव के ही टिंकू उर्फ राघवेंद्र, लाेकेंद्र, कुलदीप, ओमवीर, सुनील, प्रदीप और दीपक उर्फ दीपा परेशान करते थे। परिवार की अन्य महिलाओं को भी आते-जाते टोकते थे। दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायत हुई, लेकिन टिंकू और उसके स्वजन हरकतों से बाज नहीं आए।
गोवंशी घुसने से फसल खा गए
शुक्रवार रात में उसकी गेहूं की फसल में बेसहारा गोवंशी घुसा दिए। जिससे वे पूरी फसल खा गए। पति का आरोप है कि इसी से परेशान होकर ज्योति ने कमरे में फंदे से लटक कर सुबह 10.30 बजे आत्महत्या कर ली। उस समय उसके तीनों बच्चे स्कूल और पति खेत में गया था। ज्योति अपने घर के बाहर कमरे में परचूनी की दुकान करती थीं।
थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में जमीन का विवाद चल रहा था। इससे परेशान होकर महिला ने आत्महत्या की है। एसपी सिटी रवि प्रकाश ने बताया कि पति की तहरीर पर टिंकू और उसके भाई पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपित फरार हैं। |