गिरिडीह में झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू का स्वागत करते कार्यकर्ता।
जागरण टीम, गिरिडीह। Jharkhand BJP President Aditya Sahu: झारखंड प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर नगर निकाय चुनाव को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के मूड से घबराई हुई है, इसलिए पारदर्शिता से बचने के लिए ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है।
साहू ने नगर निकाय चुनाव में बैलेट पेपर के इस्तेमाल के निर्णय को चुनाव को प्रभावित करने की साजिश बताया। कहा-चुनाव में धांधली की तैयारी है। राज्य जनता और भाजपा कार्यर्कताओं को इस पर नजर रखनी होगी।
उनका आरोप है कि सत्ताधारी झामुमो और उसके सहयोगी दल निष्पक्ष चुनाव से डर रहे हैं और प्रशासनिक स्तर पर माहौल अपने पक्ष में करने की कोशिश की जा रही है। भाजपा ने इस मुद्दे को लोकतंत्र से जुड़ा अहम सवाल बताया है।
साहू अध्यक्ष बनने के बाद शनिवार को पहली बार गिरिडीह पहुंचे थे। जिले के विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। डुमरी के वनांचल चौक और धावाटांड़ सहित पीरटांड़ व बगोदर में उनका अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वनांचल चौक पर भाजपा नेता प्रदीप साहू और प्रशांत जायसवाल के नेतृत्व में स्वागत किया गया, जबकि धावाटांड़ चौक पर सुरेंद्र कुमार और दीपक श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान साहू ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने सरकार को महिला, युवा और किसान विरोधी बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में विकास कार्य ठप हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति ध्वस्त हो चुकी है। साहू ने दावा किया कि वर्ष 2029 में राज्य में भाजपा की सरकार बननी तय है।
मौके पर जिवाधन महतो, कृष्णकांत शर्मा, फुलचंद पंडित, युगल यादव, जिला परिषद सदस्य सुनीता कुमारी, मुखिया रुपाणी देवी, उपमुखिया वासुदेव महतो, लालजी प्रसाद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
पीरटांड़ में तीन स्थानों पर हुआ स्वागत
रांची से गिरिडीह जाते समय साहू पीरटांड़ में तीन स्थानों पर रुके। सबसे पहले पीरटांड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद नारायणपुर मोड़ पर सुंडी समाज के लोगों ने उनका अभिनंदन किया।
कुम्हारलालो में आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम में भी साहू शामिल हुए, जहां किसानों ने सरसों के फूल भेंट कर उनका सम्मान किया। उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र किया। कार्यक्रम में महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत राय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बगोदर में भी भव्य स्वागत
बगोदर में हरिहरधाम के पास विधायक नागेंद्र महतो के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आदित्य साहू का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि महेश मिश्रा, जिला परिषद सदस्य दुर्गेश कुमार, माथुर प्रसाद, जगदीश प्रसाद महतो, संजय महतो, धनंजय सिंह समेत कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Jharkhand BJP President Aditya Sahu |