cy520520 • 2026-1-15 12:57:45 • views 1137
प्रतीकात्मक तस्वीर
संवाद सूत्र, जागरण बदायूं। उसावां थाना क्षेत्र में किशोरी से छेड़खानी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बाद में किशोरी ने छत से कूदकर जान देने की कोशिश की। स्वजन ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
यह मामला दो दिन पहले का है। थाना क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति का कहना है कि वह अपनी पत्नी को दवा दिलाने बरेली गया हुआ था। घर पर उसकी 15 वर्षीय बेटी थी, जो दोपहर के समय खेत में लहसुन की आल तोड़ने के लिए गई थी। इसी दौरान गांव के युवक रोहित ने उसे खेत में ही पकड़ लिया और उसे जबरन सरसों के खेत में ले जाने का प्रयास किया।
जब उसकी बेटी ने विरोध किया तो आरोपित वहां से भाग गया लेकिन उसकी बेटी को यह बात सहन नहीं हुई। उसने छत से कूदकर जान देने की कोशिश की। जब वह बरेली से लौटकर घर आए तो उसकी बेटी घायल अवस्था में पड़ी हुई थी।
वह तत्काल अपनी बेटी को शहर के निजी अस्पताल ले गए। जहां उसे भर्ती करा दिया गया है। पुलिस ने उसकी तहरीर पर आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इधर गांव में चर्चा है कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है।
कुछ लोगों को कहना है कि किशोरी को ईख के खेत में देख लिया था, जिससे उसने डर की वजह से आत्महत्या करने की कोशिश की। उसकी कमर और दोनों पैरों में फ्रैक्चर बताया गया है।
स्वजन उसका इलाज करा रहे हैं और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- यूपी में खौफनाक वारदात: सिपाही ने कुल्हाड़ी मारकर की 3 साल की बेटी की हत्या, पत्नी को भी किया घायल |
|