- अपार्टमेंट खड़ी करने वाले बिल्डर को भी जारी होगा नोटिस, घर बनाने वाले अन्य लोगों से भी होगी पूछताछ
- अतिक्रमण मुक्त अपनी जमीन की दीवार से घेराबंदी करवा रहा है रिम्स प्रबंधन
राज्य ब्यूरो, रांची। रिम्स की जमीन पर अतिक्रमण मामले में एसीबी ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद से ही आरोपितों के बारे में जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
इस जमीन पर रजिस्ट्री, म्यूटेशन व नक्शा पास करने वाले अधिकारियों को चिह्नित कर एसीबी उन्हें नोटिस कर पूछताछ के लिए एसीबी मुख्यालय में बुलाएगी।
इतना ही नहीं, रिम्स की जमीन पर अपार्टमेंट खड़ी करने वाले बिल्डर, घर बनाने वाले आम लोगों को भी नोटिस भेजकर एक-एक कर एसीबी मुख्यालय बुलाया जाएगा, ताकि उनका बयान लिया जा सके।
उनके बयान से यह खुलासा होगा कि रिम्स की जमीन पर अतिक्रमण करवाने में किसका-किसका हाथ रहा। किसने पूरा खेल किया। इसमें सामने व पर्दे के पीछे कौन रहे।
इसके लिए कितने की वित्तीय लेन-देन हुई। अतिक्रमण मुक्त होने के बाद रिम्स प्रबंधन ने उक्त जमीन की दीवार खड़ी कर घेराबंदी करवानी शुरू कर दी है, ताकि फिर से उक्त जमीन पर अतिक्रमण न हो सके।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद एसीबी ने अब तक जो किया
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद एसीबी यह जानकारी जुटाने में लगी है कि जमीन पर कब्जा कैसे हुआ और इसपर चार तल्ले का अपार्टमेंट कैसे बन गया। अतिक्रमण होता गया और किसी ने रोकने की कोशिश तक नहीं की, कहीं सबकी मिलीभगत तो नहीं थी।
निबंधन करने वाले सब रजिस्ट्रार, म्यूटेशन करने वाले अंचलाधिकारी व अंचलकर्मी तथा नगर निगम से होल्डिंग जारी करने वाले व नक्शा पास करने वाले इंजीनियर से लेकर अधिकारी तक कौन थे, इसका भी पता लगाया जा रहा है, ताकि उन्हें एक-एक कर पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया जा सके। |