search

अजय चौटाला के भड़काऊ बयान पर गरमाई राजनीति, मोहन लाल बडौली-अनिल विज समेत कई BJP नेताओं ने साधा निशाना

cy520520 2026-1-2 22:57:55 views 435
  

अजय चौटाला के भड़काऊ बयान पर गरमाई राजनीति। फाइल फोटो



राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी (जजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय चौटाला के भड़काऊ बयान पर राजनीति गरमा गई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि दबंगई और लठ की ताकत से सरकार चलाने वालों को भाजपा का सुशासन पच नहीं रहा।

इसी तरह कैबिनेट मंत्री अनिल विज और कृष्ण बेदी ने अजय चौटाला के बयान को बेहद शर्मनाक और अराजकता पैदा करने वाला बताया है। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पिता और पूर्व सांसद अजय चौटाला ने महेंद्रगढ़ में आयोजित युवा योद्धा सम्मेलन में कहा कि शासकों को गद्दी से खींचकर सड़कों पर पीटने की जरूरत है।

देश में नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसे आंदोलन की आवश्यकता है। इन्हें (शासकों को) देश छोड़ने पर मजबूर करने का काम करना पड़ेगा। अब युवाओं के लिए खुद को संगठित करने का समय आ गया है।

हमारे पड़ोसी देशों में हुए विरोध प्रदर्शनों की तरह, श्रीलंका में जिस तरह बांग्लादेश के युवाओं ने सरकार को देश छोड़ने पर मजबूर किया, जिस तरह नेपाल के युवाओं ने सरकार को देश छोड़ने पर मजबूर किया, उसी तरह की रणनीति भारत में भी मौजूदा सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए अपनानी होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने इस बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि इससे साफ हो गया है कि अजय चौटाला का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भरोसा नहीं रहा है। अपने घटिया बयान पर उन्हें प्रदेश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा का सुशासन जजपा नेता को हजम नहीं हो रहा है। सत्ता के लिए छटपटाहट में उन्होंने अपनी घटिया सोच को लोगों के सामने उजागर किया है।

वे देश व प्रदेश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहते हैं। जिन लोगों ने अपनी सरकार दबंगई और लठ के जोर पर चलाई हो, उन्हें भाजपा का सुशासन पच नहीं रहा है। उनके इस कृत्य ने ताऊ देवीलाल की गरिमा को ठेस पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने तंज कसा कि भ्रष्टाचार के कारण अजय चौटाला को जेल हुई।


वहीं, कैबिनेट मंत्री अनिल ने कहा कि अजय चौटाला के बयान का यह मतलब लग रहा है कि उनको हिंदुस्तान के लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। उनको अपनी राजनीतिक पार्टी में भरोसा नहीं रहा, इसलिए युवाओं को भड़काने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने अपने हाथ खड़े कर दिए हैं कि हमारे बस का कुछ नहीं रहा है अब और दूसरों को भड़का रहे हैं। इसी तरह कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि इन लोगों ने जनता को जाति-पाति में बांटकर शासन किया है। आज उन्हें विकास की राह पर बढ़ता हरियाणा रास नहीं आ रहा है। जनता ऐसे लोगों को सबक सिखाएगी।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
158897