पुन्हाना अनाज मंडी में व्यापारियों द्वारा टीन शेड भरे होने से किसानों को फसल कटाई में परेशानी हो रही है।  
 
  
 
  
 
जागरण संवाददाता, पुन्हाना। अनाज मंडी में लगे दो टीन शेड व्यापारियों के माल से भरे पड़े हैं। इससे किसानों को फसल कटाई के सीजन में भी टीन शेड का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे बारिश के मौसम में उनकी फसल भीगने का खतरा बना हुआ है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें  
 
किसानों को हो रही असुविधा को देखते हुए मार्केट कमेटी सचिव शैलेंद्र बंसल ने व्यापारियों को एक दिन के भीतर शेड खाली करने का नोटिस जारी किया है। अगर व्यापारी एक दिन के भीतर शेड खाली नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।  
 
  
 
  
 
सचिव शैलेंद्र बंसल ने बताया कि इस समय फसल कटाई का सीजन चल रहा है। किसानों की फसलों को बारिश से बचाने के लिए मंडी में दो टीन शेड बनाए गए हैं। हालांकि, व्यापारी लंबे समय से इनमें अपना माल रख रहे हैं। कमेटी इनका किराया भी वसूलती है।  
 
हालांकि, सीजन और किसानों को हो रही असुविधा को देखते हुए व्यापारियों को एक दिन का नोटिस देकर शेड खाली करने को कहा गया है ताकि किसानों को टीन शेड का लाभ मिल सके। इससे पहले भी व्यापारियों को शेड खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसके बाद नोटिस जारी कर कार्रवाई शुरू की गई।  
 
   
  
टिन शेड किसानों की फसलों को बारिश से बचाने के लिए होते हैं। व्यापारी सीजन खत्म होने के बाद इनका इस्तेमाल करते हैं, लेकिन सीजन के लिए इन्हें खाली कराया जा रहा है ताकि किसानों को इनका फायदा मिल सके।  
  
शैलेंद्र बंसल, सचिव, मार्केट कमेटी, पुन्हाना।   |