search

Jharkhand Weather Update: झारखंड में कश्मीर जैसी ठंड, मैक्लुस्कीगंज में घास पर जमी बर्फ की परत

Chikheang 2025-12-31 11:28:01 views 1218
  

झारखंड में कश्मीर जैसी ठंड



जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची व आसपास के क्षेत्रों में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थिति यह रही कि सोमवार की देर रात मैक्लुस्कीगंज का तापमान गिरकर .9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और बर्फ की परत घास पर दिखने लगी। यही हाल कांके प्रखंड का भी है जहां के ग्रामीण क्षेत्रों में तापमान गिरकर 4.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।  विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

ठंड ने आमजनों की जीना मुहाल कर दिया है। जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को ठंड से बचाव के लिए अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। रांची शहरी क्षेत्र में शीतलहर ने लोगों की आवाजाही कम कर दी है। जिस कारण शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है।  
सुबह और देर रात घने कोहरे का असर

बता दें कि सुबह और देर रात घने कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। ऐसे में ठंड का असर बढ़ रहा है और देर रात कनकनी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। राज्य में कहीं कहीं पर हल्के और मध्यम दर्जे का कोहरा देखा गया।  

राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्से पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार के साथ साथ निकटवर्ती मध्य भाग रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी में शीतलहर की स्थिति बनी रही। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस गुमला का रिकार्ड किया गया।  
घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी

वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री और न्यूनतम 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि 31 दिसंबर को राज्य के निकटवर्ती मध्य भाग के साथ साथ उत्तर पश्चिमी हिस्से में घना कोहरा देखा जा सकता है। साथ ही इन जिलों में शीतलहर की संभावना बनी रहेगी। इसे लेकर इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।  

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले चार दिनों यानी 31 दिसंबर, 1, 2 और 3 जनवरी के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।  

राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में हल्के व मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा। सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा। यह स्थिति 5 जनवरी तक बनी रहेगी। बता दें कि मैक्लुस्कीगंज में तापमान गिरते ही क्षेत्र में कड़ाके की ठंड का प्रकोप रहा।  
सर्द हवाओं व आंशिक कोहरे से अचानक ठंड बढ़ी

सर्द हवाओं व आंशिक कोहरे से अचानक ठंड बढ़ गई है। यहां सुबह से ही हल्का कोहरा छाया रहता है और सूर्यदेव के दर्शन देने के बाद लोगों की दिनचर्या शुरू हो रही है। हाड़ कंपाने वाली सर्द हवाएं शरीर को भेद रही हैं। क्षेत्र के न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।  

कंपकंपी व ठंड के लगातार बढ़ने से सबसे अधिक प्रभावित गरीब व असहाय लोग हो रहे हैं। सूर्यदेव के दर्शन होने के बाद ही लोग घरों से निकल पा रहे हैं। शाम होते ही घरों का रुख कर रहे हैं, सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। ठंड से बचने के लिए मजदूर वर्ग के लोगों की रातें कंबल और अलाव के सहारे गुजर रही हैं।
अगले चार दिन राजधानी का इतना रहेगा तापमान

  • 31 दिसंबर : अधिकतम 24 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस
  • 1 जनवरी : अधिकतम 25 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस
  • 2 जनवरी : अधिकतम 24 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस
  • 3 जनवरी : अधिकतम 24 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस।

कांके में ठिठुरन का कहर, दिन में धूप से राहत तो रातें कंपा रही

पिछले 24 घंटों के दौरान कांके क्षेत्र में मौसम का मिजाज पूरी तरह सर्द रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 4.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वर्षा शून्य रही और 1.6 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही हल्की हवाओं ने ठंड का असर को और बढ़ा दिया।  

सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता प्रभावित हुई, वहीं दिन में खिली धूप ने कुछ समय के लिए राहत दी। ठंड बढ़ने के कारण लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। बाजारों में ऊनी कपड़ों की मांग तेज हो गई है।  

मौसम विज्ञानी रमेश कुमार के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के प्रभाव से रातें और सुबह अधिक सर्द रहेंगी जबकि दिन में हल्की धूप निकल सकती है। बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
161847