search

Delhi-NCR में बारिश के आसार, घने कोहरे को लेकर IMD का रेड अलर्ट; एयर क्वालिटी भी 400 के पार

cy520520 2025-12-30 04:27:06 views 1061
  

दिल्ली और आसपास के इलाके घने कोहरे की चपेट में।



राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। बढ़ते प्रदूषण के बीच सोमवार सुबह एनसीआर में घना कोहरा छाया रहा। इससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। दृश्यता कम होने के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। रेल व हवाई यातायात पर भी असर पड़ा। बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द हुईं और ट्रेनें घंटों विलंब से अपने गंतव्य पर पहुंचीं। इससे यात्री परेशान रहे। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

अधिकतम तापमान में गिरावट से ठंड भी बढ़ गई है। आने वाले दो दिनों तक मौसम इसी तरह का रहेगा। घने कोहरे के बीच वर्ष 2025 की विदाई होगी। परंतु नववर्ष पर हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान था कि सोमवार सुबह मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। इसके लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन रविवार रात से ही दिल्ली सहित एनसीआर के अन्य शहरों में घना कोहरा छा गया। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया। सोमवार सुबह भी यही स्थिति रही। सुबह अधिक कोहरे के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह आठ बजे तक इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता मात्र 50 मीटर रही।

दृश्यता कम होने के कारण 128 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। वहीं तीन सौ से अधिक उड़ानों में देरी हुई। रेल यात्री भी परेशान रहे। 90 से अधिक ट्रेनें दो से लेकर 15 घंटे की देरी से दिल्ली पहुंचीं। दिल्ली से चलने वाली कई ट्रेनें देरी से रवाना हुईं। रात में एक बार फिर दिल्ली कोहरे में लिपट गई। मंगलवार को भी मध्यम से घना कोहरा छाने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इसके लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। 31 दिसंबर को भी मध्यम से घना कोहरा छा सकता है।

कोहरे व प्रदूषण के कारण दिन में स्मॉग छाया रहा। न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ यह 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लेकिन रविवार की तुलना में अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री की कमी दर्ज हुई। रविवार को अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस था और सोमवार को यह कम होकर 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा। राजघाट क्षेत्र में यह 16 डिग्री सेल्सियस रहा। धूप नहीं निकलने और तापमान में कमी के कारण ठंड बढ़ गई है।
गंभीर श्रेणी में दिल्ली की हवा

राजधानी में प्रदूषण एक बार फिर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। छह दिनों तक दिल्ली की हवा खराब से बहुत खराब श्रेणी में रही, लेकिन रविवार रात को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 400 के पार यानी गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। हवा नहीं चलने के कारण सोमवार को भी यही स्थिति रही।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार सुबह के समय एक्यूआइ 402 और शाम के समय 401 दर्ज हुआ। समीर ऐप के अनुसार 40 प्रदूषण निगरानी केंद्रों में से 24 में एक्यूआइ 400 से ऊपर रहा। आनंद विहार में सबसे अधिक 455 एक्यूआइ दर्ज किया गया। अगले कुछ दिनों तक दिल्ली की हवा में बहुत सुधार की उम्मीद नहीं है।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
156510