सुहागिनों की कलाइयों पर खनकेंगी पंजाब और जयपुर की जरकन-गोल्डन चूड़ियां। जागरण  
 
  
 
  
 
जागरण संवाददाता, औरैया । करवाचौथ को लेकर सुहागिनों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिसके चलते सजने संवरने के सामानों की खूब बिक्री हो रही है। चूड़ी बाजार में भी रौनक दिखाई दे रही है। महिलाओं को साड़ी व लहंगे की मैचिंग की चूड़ियां पसंद कर रही हैं। करवाचौथ पर पंजाब व जयपुर की जरकन व गोल्डन की चूड़ियां सुहागिनों की कलाइयों पर खनकेंगी। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें  
 
 नई दुल्हनों को पंजाबी चूड़ा अधिक लुभा रहा है। बाजारों में रौनक बढ़ने से व्यापारी भी खुश नजर आ रहे हैं। चूड़ियों की दुकानों पर देर रात तक रौनक लग रही है। सुहागिनों का प्रमुख त्योहार करवाचौथ शुक्रवार को मनाया जाएगा। जिसे लेकर महिलाएं सजने संवरने में कोई कसर छोड़ना नहीं चाह रही हैं। सुहागिन महिलाएं 16 शृंगार कर चांद का दीदार करेंगी।   
 
  
शृंगार में चूड़ियों का विशेष महत्व  
 
 इस शृंगार में चूड़ियों का विशेष महत्व होता है। जिसके चलते बाजार में महिलाएं रंग-बिरंगी चूड़ियां पसंद कर रही हैं। चूड़ियों के अलावा ब्रांडेड कंपनियों के कंगन व चूड़ा भी खूब बिक रहे हैं। चूड़ी बाजार में रौनक चल रही है। चूड़ी विक्रेता डब्बू लक्ष्कार ने बताया कि लाख, ब्रास चूड़ियां करवाचौथ पर खूब बिकती हैं। इसके अलावा फिरोजाबाद, जयपुर, कोलकाता, भीलवाड़ा से विभिन्न प्रकार की सुंदर व आकर्षक चूड़ियां मंगाई गई हैं।   
 
  
 
 नई नवेली दुल्हनों को पंजाबी चूड़ा व बटरफ्लाई कंगन अधिक पसंद आ रहे हैं। कंगन 250 रुपये से लेकर 750 रुपये तक बिक रहे हैं। जबकि चूड़ा 200 से 500 रुपये तक बिक रहा है। कलीरे लटकन वाली चूड़ियां 200 से 700 रुपये तक बिक रही हैं। कई जगह करवाचौथ पर बहू अपनी सास को चूड़ी देती है। ऐसे में महिलाएं अपने साथ सास के लिए भी चूड़ियां खरीद रही हैं। इस बार जर्कन की करवाचौथ लिखी चूड़ियां भी बाजार में धूम मचा रही हैं।   
 
  
 इंटरनेट मीडिया से डिजाइनें पसंद कर रहीं महिलाएं   
 
 फैशन के दौर में कोई पीछे रहना नहीं चाहता है। ऐसे में कई महिलाएं इंटरनेट मीडिया का सहारा ले रही हैं। टीवी सीरियल के कलाकार की चूड़ियां देखकर महिलाएं खरीदारी कर रही हैं। मोबाइल पर स्क्रीन शाट लेकर चूड़ी की दुकानों पर पहुंचती हैं। विक्रेताओं से उसी डिजाइन में चूड़ियों की मांग करती हैं। स्थानीय बाजारों के अलावा कई महिलाएं विभिन्न ऐप के माध्यम से चूड़ियों की आनलाइन खरीदारी भी कर रही हैं।   
 
   
  
 करवाचौथ पर अधिकांश महिलाएं मैचिंग की चूड़ियां ही खरीद रही हैं। जयपुर की महंगी चूड़ियां महिलाओं को अधिक पसंद आ रही हैं। कुछ महिलाएं टीवी कलाकार व अभिनेत्रियों द्वारा सीरियल में पहनी गईं चूड़ियों का स्क्रीन शाट लेकर आ रही हैं। -  अर्जुन दयाल, चूड़ी विक्रेता   
  
  
  
 पहले इस त्योहार पर केवल फिरोजाबाद से आने वाली चूड़ियां ही बिकती थीं। लेकिन अब जयपुर व पंजाब की चूड़ियों की अधिक मांग हो गई है। पंजाबी चूड़ा महिलाओं को सबसे अधिक पसंद आ रहा है। -  डब्बू लक्ष्कार, चूड़ी विक्रेता    |