आज तेज हवा के साथ होगी झमाझम वर्षा, गिरेगा तापमान
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सोमवार को दिनभर राजधानी का मौसम बदला रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाए रहेंगे। ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होगी। गरज वाले बादल बनने, बिजली चमकने और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवा भी चलेगी। इस दौरान तापमान में भी गिरावट आएगी और इस सीजन में पहली मौसम के बदलने का एहसास होगा। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया हुआ है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
बादलों की आवाजाही बनी रही
मंगलवार को भी हल्की वर्षा का दौर जारी रह सकता है। रविवार को दिन भर सूरज और बादलों के बीच आंख-मिचौली चलती रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री कम 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री ज्यादा 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 93 से 59 प्रतिशत तक दर्ज किया गया।
दिल्ली-एनसीआर में होगी वर्षा
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि मौसम में हो रहे बदलाव की मुख्य रूप से दो वजह हैं। पहला- अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवाएं चल रही हैं। इनके टकराने से वर्षा होने की संभावना बनी है। दूसरा- सेंट्रल पाकिस्तान और पंजाब की ओर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इस सबके असर से अगले एक दो दिन में पहाड़ों पर भी और बर्फबारी होने के आसार हैं। दिल्ली एनसीआर में वर्षा होगी। पंजाब में ओले भी पड़ सकते हैं।
तापमान में होगी गिरावट
मौसम विभाग का अनुमान है कि मौसम की इस करवट से तापमान में भी खासी गिरावट आने की संभावना है। सोमवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। यानी दिल्ली में हल्की ठंड की शुरुआत हो सकती है। आने वाले दिनों में भी तापमान में वृद्धि नहीं बल्कि पहले के मुकाबले कमी ही देखने को मिलेगी।
हवा फिलहाल मध्यम श्रेणी में ही
वहीं, मौसम के कारकों के चलते दिल्ली की हवा लगातार साफ-सुथरी बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक रविवार को दिल्ली का एक्यूआइ 159 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। हालांकि एक दिन पहले की तुलना में इसमें इजाफा हुआ है। शनिवार को यह 138 के अंक पर रहा था। यानी चौबीस घंटे के भीतर ही इसमें 21 अंकों की बढ़ोतरी हुई है। अगले दो दिनों के दौरान वर्षा, तेज हवा, बादल आदि के रहने से इसमें सुधार होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में मौसम में सुहाना बदलाव, रविवार से बारिश के आसार; उमस से मिलेगी राहत |