संवाद सहयोगी, गम्हरिया। टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर औद्योगिक क्षेत्र स्थित आईडीटीआर के समीप बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए वाहनों का परिचालन ठप कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ट्रेलर तेज रफ्तार में कांड्रा की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसने आगे चल रही एक स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया। चालक के भागने के बाद अनियंत्रित ट्रेलर सड़क पार कर दूसरी दिशा से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल से टकरा गया। बुलेट पर सवार दो युवकों में से एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।
इधर, बीते 11 दिसंबर को कांड्रा के पदमपुर स्थित शेन इंटरनेशनल स्कूल के समीप सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल सूजन टुडू की टीएमएच में इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे व न्याय की मांग को लेकर पदमपुर के पास टाटा-सरायकेला मुख्य मार्ग जाम कर दिया।
मृतक के पुत्र मंगल टुडू, जो भारतीय सेना में कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद कांड्रा थाना में आवेदन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और दुर्घटना में शामिल वाहन को छोड़ दिया गया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। समाचार लिखे जाने तक जाम की स्थिति बनी रही और पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास करती रही। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें |
|