search

Delhi में महिला नेतृत्व की मजबूत मौजूदगी, सरपंच संवाद में झारखंड की दो मुखिया, राष्ट्रीय मंच पर रखेंगी अपने अनुभव

cy520520 2025-12-17 14:06:51 views 958
  

सरपंच संवाद में भाग ले रहीं मुखिया कंचन देवी और रागिनी सिन्हा।  



जागरण संवाददाता, बेरमो( बोकारो)। केंद्र सरकार के पंचायती राज मंत्रालय की ओर से दिल्ली में आयोजित चार दिवसीय सरपंच संवाद कार्यक्रम में झारखंड की दो महिला मुखियाओं को भाग लेने का अवसर मिला है। इनमें बोकारो जिले के जरीडीह पूर्वी पंचायत की मुखिया कंचन देवी तथा गिरिडीह जिले की रागिनी सिन्हा शामिल हैं। यह कार्यक्रम 16 से 19 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें पंचायती राज मंत्रालय (Ministry of Panchayati Raj) द्वारा दिल्ली में आयोजित “सरपंच संवाद“ कार्यक्रम भारतीय गुणवत्ता परिषद (QCI) की एक पहल है, जिसे जल शक्ति मंत्रालय के साथ मिलकर आयोजित किया जाता है।

मुखिया कंचन देवी ने मंगलवार रात दिल्ली से फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के प्रथम दिन देश के विभिन्न राज्यों से आई महिला सरपंचों एवं मुखियाओं के साथ गांवों के सर्वांगीण विकास को लेकर परिचर्चा हुई।

इस दौरान ग्रामीण विकास से जुड़े अनुभव साझा किए गए और विभिन्न राज्यों में लागू सफल योजनाओं पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि आगामी तीन दिनों में भी अलग-अलग सत्रों में संवाद, प्रशिक्षण और अनुभवों का आदान-प्रदान किया जाएगा।

कंचन देवी ने कहा कि यह कार्यक्रम देशभर की महिला पंचायत प्रतिनिधियों के लिए एक सशक्त मंच है, जहां वे आपस में संवाद कर अपनी बात राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा सकती हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य चुनिंदा पंचायत प्रतिनिधियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे गांवों के विकास को और तेज गति दे सकें।

इस संवाद कार्यक्रम में स्थानीय शासन व्यवस्था को मजबूत करने, महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। साथ ही महिला जनप्रतिनिधि अपने जमीनी अनुभवों को नीति निर्माताओं के समक्ष रख रही हैं, जिससे भविष्य की योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की महिला सरपंचों व मुखियाओं से संवाद कर नए नवाचार सीखने का अवसर मिल रहा है, जिन्हें आगे चलकर झारखंड के गांवों में लागू किया जा सकेगा। यह कार्यक्रम ग्रामीण विकास में महिला नेतृत्व की भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
153737