SIP, SWP और STP में क्या फर्क है, निवेश से पहले समझें कौन सा तरीका आपके लिए ज्यादा फायदेमंद?
SIP Investment Tips: निवेश की दुनिया में SIP, SWP और STP के नाम अक्सर सुनने को मिलते हैं, लेकिन ज्यादातर लोग इन्हें एक जैसा मान लेते हैं। जबकि हकीकत यह है कि तीनों के मकसद अलग हैं और सही समय पर सही विकल्प चुनना आपके मुनाफे को काफी हद तक बदल सकता है। अब सवाल यह है कि आखिर तीनों में अंतर क्या है और आपके लिए सबसे फायदेमंद क्या है? चलिए समझते हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
सबसे पहले समझते हैं- एसआईपी क्या है? (What is SIP)
SIP यानी सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान। इसमें आप हर महीने एक तय रकम म्यूचुअल फंड में निवेश करते हैं। इसमें बाजार के हिसाब से उतार-चढ़ाव होता रहता है। लेकिन लंबे समय में निवेश का औसत अच्छा बन जाता है। इसे उदाहरण से समझते हैं।
मान लीजिए आप हर महीने 5,000 की एसआईपी करते हैं तो 10 साल में आपके टोटल 6 लाख रुपए इन्वेस्ट होंगे। इस पर अगर औसत 12% रिटर्न मिलता है तो यह रकम 11,20,179 रुपए बन जाएगी। यानी 6 लाख रुपए निवेश करने पर 5,20,179 रुपए का ब्याज मिलेगा। SIP उन लोगों के लिए बेहतर है, जो धीरे-धीरे संपत्ति बनाना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें- SIP या फिर लमसम, म्यूचुअल फंड में कौन देता है ज्यादा रिटर्न? पांच पॉइंट में समझें पूरा कैलकुलेशन
आब समझते हैं- एसडब्ल्यूपी क्या बला है? (What is SWP)
SWP यानी सिस्टमैटिक विथड्रॉल प्लान। इसमें आप निवेश की गई रकम से हर महीने तय राशि निकालते हैं। यह रिटायरमेंट या रेगुलर इनकम के लिए काम आता है। उदाहरण से समझें तो मान लीजिए कि आपने एकमुश्त 10 लाख रुपए निवेश किए और हर महीने 8,000 रुपए निकालते हैं। अगर फंड 10% रिटर्न दे रहा है, तो आपकी पूंजी लंबे समय तक बनी रह सकती है और साथ में नियमित आय भी मिलती रहेगी। SWP उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जिन्हें हर महीने खर्च के लिए पैसे चाहिए।
तीसरा विकल्प- आखिर एसटीपी क्या है? (What is STP)
STP यानी सिस्टमैटिक ट्रांसफर प्लान। इसमें पैसा एक फंड से दूसरे फंड में धीरे-धीरे ट्रांसफर होता है। आमतौर पर डेट फंड से इक्विटी फंड में। उदाहरण से समझें तो मान लीजिए की आपने 6 लाख रुपए डेट फंड में डाले और हर महीने 50,000 रुपए इक्विटी फंड में ट्रांसफर कराए। इससे बाजार के जोखिम को धीरे-धीरे संभाला जा सकता है।
तीनों में अंतर और कौन ज्यादा फायदेमंद?
- SIP: कमाई करने और लंबी अवधि के निवेश के लिए
- SWP: नियमित इनकम के लिए
- STP: एकमुश्त रकम को सुरक्षित तरीके से निवेश करने के लिए
इन तीनों में आपके लिए क्या सबसे बेहतर है तो यह आपकी जरूरत पर निर्भर करता है। हालांकि, एक्सपर्ट बताते हैं कि कमाने के दौर में SIP, रिटायरमेंट में SWP और एकमुश्त पैसे के लिए STP सबसे ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है।
“पर्सनल फाइनेंस से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।“ |