search

बिहार में ठंड ने बढ़ाई मुश्किलें: पारा 8°C, पछुवा हवा 30 km/h; शीतलहर अलर्ट जारी, कई ट्रेनें प्रभावित

Chikheang 2025-12-8 13:40:56 views 908
  

कई ट्रेन रद्द



जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में सर्दी का असर दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। न्यूनतम तापमान कई जिलों में 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे कनकनी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन रात के तापमान में गिरावट के कारण ठंड का एहसास और तेज होगा। पछुआ हवा की रफ्तार भी बढ़ी है और अगले 24 घंटे में 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक हवा चलने की संभावना है, जिससे ठंड और अधिक चुभन भरी हो सकती है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

सुबह के समय कई जिलों में घना कोहरा छाया रहने से विजिबिलिटी काफी कम हो गई। इसका सीधा असर रेल यातायात पर पड़ा।

पटना जंक्शन पर सात ट्रेनें लेट रहीं, चार को रद्द करना पड़ा और एक ट्रेन को रिशेड्यूल किया गया। बेतिया में पिछले 24 घंटों में सबसे घना कोहरा दर्ज किया गया, जबकि पटना में भी सुबह कुहासा छाया रहा।

शेखपुरा में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो राज्य में सबसे कम रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र ने साफ किया है कि अगले एक सप्ताह तक शीतलहर जैसी स्थिति बनने की संभावना नहीं है और बारिश की भी कोई उम्मीद नहीं है।

अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर-नीचे रह सकता है, लेकिन कुल मिलाकर मौसम सूखा रहेगा।

इधर, कोहरे का असर दिल्ली जाने वाली ट्रेनों पर भी पड़ा है। उपासना एक्सप्रेस 8 दिसंबर को रद्द रहेगी।

नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस 8 और 10 दिसंबर को नहीं चलेगी। महानंदा एक्सप्रेस को 11, 14 और 18 दिसंबर को रद्द किया गया है।

नई दिल्ली–मालदा टाउन एक्सप्रेस भी आज कैंसिल है। पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस लगातार दूसरे दिन रिशेड्यूल रही और आज यह अपने निर्धारित समय सुबह 8 बजे के बजाय 9 बजे खुलेगी।

कई प्रमुख ट्रेनें लगातार देरी से चल रही हैं। कोलकाता-गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस ढाई घंटे लेट चली, जबकि श्रमजीवी एक्सप्रेस 43 मिनट देरी से पहुंची।

झाझा-दानापुर पैसेंजर डेढ़ घंटे लेट रही, और विभूति एक्सप्रेस लगातार तीसरे दिन पांच घंटे से ज्यादा देर से चली। पूर्वा एक्सप्रेस 38 मिनट, साउथ बिहार एक्सप्रेस साढ़े 4 घंटे और डिब्रूगढ़–एलटीटी एक्सप्रेस 4 घंटे 15 मिनट देरी से चली।

राजधानी पटना में भी सर्दी का प्रभाव बढ़ रहा है। पछुआ हवा के कारण रात के तापमान में गिरावट जारी है और अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

सुबह और शाम हल्की हवा चलेगी, जिससे ठंड बढ़ेगी। दिन का तापमान भी सामान्य से करीब 2 डिग्री कम रह सकता है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में सुबह-शाम की ठंड बढ़ेगी, दिन में हल्की धूप मिलेगी और कोहरे की स्थिति 48 घंटे में और घनी हो सकती है।

हालांकि, किसानों के लिए यह मौसम अनुकूल माना जा रहा है और रबी फसलों पर किसी तरह के नुकसान की आशंका नहीं है।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
169107