LHC0088 • 2025-12-5 23:15:10 • views 270
संवाद सहयोगी, सुमेरपुर(हमीरपुर)। बीती रात कस्बे की इमिलिया थोक मुहल्ले में एक फैक्ट्री कर्मी ने पत्नी से विवाद के बाद उसको वीडियो काल करने की बात कहते हुए फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शंका होने पर पत्नी ने रात में ही मकान मालिक को फोन कर घटना की जानकारी दी। मकान मालिक ने खिड़की से देखा तो वह फंदें पर लटक रहा था। पुलिस ने खिड़की काटकर दरवाजा खोला और शव को फंदे से उतारकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस घटना से स्वजन बेहाल हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
जरिया थाना क्षेत्र के करियारी गांव निवासी 32 वर्षीय सुनील कुमार अपनी पत्नी संगीता उर्फ अंजीता के अलावा छह वर्षीय पुत्र व तीन वर्षीय पुत्री के साथ किराए के मकान में रहकर कस्बे की रिमझिम इस्पात लिमिटेड में चूना प्लांट में कार्य करता था। वहीं पत्नी भी फैक्ट्री में मजदूरी करती थी। किसी बात पर अनबन होने के कारण पत्नी दो दिन पूर्व बच्चों के साथ बांकी मार्ग में रहने वाली बहन के यहां चली गई थी। गुरुवार को रात करीब नौ बजे सुनील ने पत्नी को वीडियो काल कर घर आने को कही। लेकिन उसने इंकार कर दिया तब उसने जान देने की बात कही और फोन काट दिया।
इसके बाद छत में लगे कुंडे से रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शंका होने पर पत्नी ने मकान मालिक मलखान कुशवाहा को फोन किया। मलखान ने जाकर देखा तो वह फंदा पर झूल रहा था। मकान मालिक ने पत्नी के साथ पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर पहुंचीं पुलिस ने खिड़की काटकर दरवाजा खुलवाया और शव को फंदे से उतारकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पत्नी से विवाद के बाद कर्मी ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। |
|