बाबा इंटरनेशनल की छात्रा पूर्वा सिंह बनी बिल्सी थाना प्रभारी। जागरण  
 
  
 
  
 
संवाद सहयोगी, बिल्सी। नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में उप्र सरकार की ओर से चलाये जा रहे अभियान मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय की मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्रा पूर्वा सिंह कक्षा 11 को एक दिन की सांकेतिक थानाध्यक्ष बनने का अवसर प्राप्त हुआ। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें  
 
इस विशेष पहल के अंतर्गत पूर्वा सिंह ने एसएचओ की भूमिका निभाते हुए अपनी जिम्मेदारी का सफल निर्वहन किया। सांकेतिक एसएचओ के रूप में पूर्वा सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनीं, उन्हें समझा तथा प्राप्त शिकायतों को नोट किया।  
 
  
 
इसके साथ ही उन्होंने आवश्यक निर्देश भी दिए और लोगों को भरोसा दिलाया कि कानून–व्यवस्था और महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा उपस्थित जनों को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानून का पालन और जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।  
करना चाहती हैं देश की सेवा  
 
पूर्वा सिंह ने अपने भविष्य का सपना साझा करते हुए कहा कि वे सिविल सर्विसेज में चयनित होकर देश की सेवा करना चाहती हैं। बिल्सी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं पहल की जानकारी दी और कहा कि लड़कियों को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं।  
 
  
 
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय व प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने पूर्वा सिंह को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे अवसर बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। |