वाराणसी में गलन और कोहरे का दौर शुरू होने जा रहा है।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। पूर्वांचल सहित वाराणसी में मौसम का रुख सप्ताह भर बाद अब बदलने की ओर है। पछुआ हवाओं का जोर होने की उम्मीद है और बिहार से ही बादल अब पूरब की ओर लौटने लगे हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही अब गलन का दौर भी शुरू हो जाएगा। मौसम का रुख गलन की ओर होने के साथ ही कोहरे का दौर भी शुरू हो जाएगा। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 27.0°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 11.5°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.1 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम आर्द्रता 60% और अधिकतम 81% दर्ज किया गया। बीते चौबीस घंटों में पूर्वांचल में तापमान में कुछ कमी दर्ज की गई है। बादलों का रुख भी पूरब की ओर होने से स्पष्ट है कि पछुआ हवाओं का जोर शुरू हो चुका है।
अफगानिस्तान से आने वाली गलन भरी हवाओं का रुख शुरू होने जा रहा है। इसकी वजह से मैदानी क्षेत्रों में कोहरे की स्थिति भी जल्द शुरू होने जा रही है। इसके साथ ही पहाड़ों पर बर्फ और पाले की स्थिति भी बन रही है जिसका असर मैदानी क्षेत्रों में नजर आने की उम्मीद है।
पश्चिम में तापमान में कमी आने लगी है, जल्द ही इसका असर मैदानी क्षेत्र में पूर्वांचल तक नजर आने लगेगा। इसी के साथ वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में कोहरा छाएगा और न्यूनतम तापमान में कमी आने लगेगी। अंदेशा है कि दस डिग्री से कम तापमान इसी सप्ताह तक हो सकता है। |