search

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने लखीसराय फिल्म महोत्सव 2025 का पोस्टर किया जारी, 3 से 5 दिसंबर तक होगा आयोजन

cy520520 2025-11-30 23:38:31 views 1233
  

डिप्टी सीएम ने पोस्टर का किया अनावरण। (जागरण)



संवाद सहयोगी, लखीसराय। राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को लखीसराय फिल्म महोत्सव 2025 का पोस्टर जारी किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह फिल्म महोत्सव न केवल लखीसराय बल्कि पूरे बिहार के सिनेमाई परिदृश्य के लिए एक सराहनीय और नई दिशा देने वाली पहल है।

उन्होंने बताया कि महोत्सव में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम द्वारा उपलब्ध भारतीय पैनोरमा की फिल्में, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त फीचर और नान-फीचर फिल्में तथा फिल्म क्रिटिक्स गिल्ड, मुंबई द्वारा सम्मानित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

महोत्सव का उद्घाटन स्वयं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे। इस मौके पर बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा, सूर्यगढ़ा के विधायक रामानंद मंडल, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग सह गृह सचिव प्रणव कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्रा ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि फिल्म महोत्सव का आयोजन तीन, चार और पांच दिसंबर को किया जाना है, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव में शिक्षा, करियर और सामाजिक चुनौतियों पर आधारित प्रेरक फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी।

फिल्मों की स्क्रीनिंग लखीसराय संग्रहालय, राज टॉकीज और महादेव सिनेमा में की जाएगी। डीएम ने बताया कि महोत्सव के उद्घाटन सत्र में प्रकाश झा प्रोडक्शंस की चर्चित फिल्म परीक्षा प्रदर्शित की जाएगी, जबकि समापन समारोह में भारत से आस्कर तक पहुंची और अंतरराष्ट्रीय प्रशंसा प्राप्त गुजराती फिल्म छेल्लो शो दिखाई जाएगी।

तीन दिवसीय इस फिल्म महोत्सव में फिल्म स्क्रीनिंग के साथ-साथ पैनल डिस्कशन, मास्टर क्लास और युवा फिल्मकारों के लिए संवाद सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडीएम नीरज कुमार, सिनेयात्रा के सचिव सह फिल्म महोत्सव के संयोजक रविराज पटेल, कला संस्कृति पदाधिकारी प्राची कुमारी तथा प्रभारी डीपीआरओ रवि कुमार भी उपस्थित थे।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
164130