SKMCH से कैदी फरार
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) के वार्ड एक में भर्ती कैदी गुरुवार की देर रात हथकड़ी सरका कर फरार हो गया। कैदी को बेड पर नहीं देख पुलिसकर्मियों की बेचैनी बढ़ गई।
इसके बाद कैदी की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाश शुरू की। एसकेएमसीएच परिसर में उसकी खोजबीन करते रहे। नहीं मिलने पर इसकी सूचना एसकेएमसीएच ओपी पुलिस को दी।
भर्ती कैदी पूर्वी चंपारण जेल का सत्येन्द्र कुमार साह है। जख्मी हालत में वह पूर्वी चंपारण सदर अस्पताल में भर्ती हुआ था। वहां से बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच आया था।
एसकेएमसीएच के मेडिसिन विभाग संख्या एक में भर्ती करके चिकित्सक इलाज कर रहे थे। डॉ. विजय कुमार सिंह की यूनिट में वह भर्ती हुआ था। बेड संख्या तीस पर वह भर्ती था।
सुरक्षा में चुक से भागा कैदी
बताया जा रहा है कि एसकेएमसीएच में सत्येन्द्र साह समेत तीन कैदी भर्ती हैं। तीनों कैदी की सुरक्षा में एक हवलदार समेत पांच सिपाही हैं। हवलदार चंद्र किशोर झा, सिपाही विद्यांचल पासवान, विकास, अनुज, पांडव और कृष्णा राज तैनात हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
कृष्णा को रात में कैदियों की सुरक्षा की देखरेख करनी थी। अन्य लोग आराम कर रहे थे। इसी दौरान मौका का फायदा उठाकर कैदी फरार हो गया।
भागने के पूर्व सत्येंद्र कुमार साह सरसों तेल हाथ में अधिक लगा रहा था। इसी दौरान एक सिपाही से टोका भी था। वह हाथ में खुजली के कारण सरसों तेल लगाने की बात कही। तेल लगाने के उसका हाथ और चिकना हो गया। इससे हथकड़ी को वह मौका पाते ही सरका कर फरार हो गया। |