नौ कन्याओं के विवाह में 13 लाख 59 हजार रुपये मदद की घोषणा।
जागरण संवाददाता, अमेठी। रामलीला समिति के अध्यक्ष ने नौ निराश्रित कन्याओं के विवाह के लिए एक लाख 51 हजार रुपये की मदद करने का संकल्प लिया है। उन्होंने विजया दशमी पर्व पर कन्याओं के विवाह में मदद करने की घोषणा की। वहीं मदद की धनराशि बढ़ाने पर उद्योगपति की हर तरफ सराहना हो रही है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उद्योगपति राजेश अग्रहरि ने पिछले वर्ष से कन्याओं के विवाह में मदद करने का प्रण लिया था। बीती नवरात्र पर उन्होंने नौ कन्याओं को 51 - 51 हजार रुपये की सहायता देकर वैवाहिक कार्यक्रम में मदद की थी। इस विजया दशमी पर उन्होंने मदद की धन राशि बढ़ा दी है। इस बार प्रत्येक कन्याओं के विवाह में एक लाख 51 हजार रुपये की मदद करने की घोषणा की।
उद्योगपति ने कहा कि कन्याओं का चयन किया जा रहा है। सभी के बैंक खाते में मदद की धनराशि भेजी जाएगी। माता रानी की कृपा से यह कार्यक्रम शुरू हुआ है। प्रयास यही है हमारी निराश्रित बहन, बेटियों के विवाह में कोई कमी न रहे। इसके लिए एक छोटा सा प्रयास शुरू किया गया है।
माता की कृपा से इसे वृहद रूप समय-समय पर दिया जाता रहेगा। राज्य महिला आयोग की सदस्य डा. प्रियंका मौर्य ने कहा कि यह बहुत नेक कार्य है। हर सामर्थवान व्यक्ति को इसी तरह जनसेवा का कार्य करना चाहिए। इससे समाज को नई दिशा मिलेगी। |