अज्ञात बदमाश ने घर के बाहर खड़ी कार को फूंक दिया।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी में पिछले एक सप्ताह से चल रहा बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रहवासी कालोनियों में सिलसिलेवार तरीके से कारों में तोड़फोड़ की वारदातों के बाद अब बैरागढ़ कलां की महाकाल कालोनी में एक बदमाश ने घर के सामने खड़ी कारों को फूंक दिया। आगजनी की घटना के दौरान एक संदिग्ध शख्स कालोनी के कैमरे में आता-जाता हुआ दिखाई दिया है, लेकिन खजूरी सड़क थाना पुलिस उसकी पहचान नहीं कर पाई है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
घटना रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब दो बजे की है। कार मालिकों की जब नींद खुली, तब तक कार जल चुकी थीं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
खजूरी पुलिस के अनुसार सुनील कुमार विश्वकर्मा और दुर्गेश कुमार जायसवाल महाकाल कालोनी, बैरागढ़ कलां में रहते हैं। वे एक दवा फर्म में बतौर एमआर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि रविवार-सोमवार की रात उनकी कार घर के बाहर खड़ी थी। रात करीब 11 बजे वह खाना खाकर सो गए।
रात करीब दो बजे कालोनीवासियों ने शोर मचाया। उनके शोर से सुनील की नींद खुल गई। बाद में दुर्गेश भी घर के बाहर पहुंचे तो दोनों ने मिलकर आग बुझाई। हालांकि तब तक सुनील की कार पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी।
सीसीटीवी कैमरे में एक अज्ञात बदमाश कैद हुआ है, जो महाकाल कालोनी की तरफ से आता हुआ दिख रहा है। उसके हाथ में पालीबैग है। आशंका है कि बैग में वह ज्वलनशील पदार्थ रखे था। पुलिस आरोपित की पहचान करने में जुटी है। सुनील ने बताया कि आगजनी के बाद उनकी बेटी की तबीयत बिगड़ गई। उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
लगातार वारदातों से दहशत में लोग
बीते एक सप्ताह शहर की अलग-अलग कालोनियों और चौराहों पर बदमाश खुलेआम तोड़फोड़ और मारपीट की वारदातें कर रहे हैं। इससे लोगों में दहशत व्याप्त है। बिगड़ती कानून व्यवस्था के चलते पुलिस के सुरक्षा दावों पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अधिकारी गुंडे बदमाशों पर सख्त कार्रवाई करने का दावा कर रहे हैं, बावजूद अपराध में कमी नहीं आ रही है। |