जागरण संवाददाता, कन्नौज। बहला-फुसला कर किशोरी को अगवा करने वाला युवक जेल गेट से भाग निकला। बाइक पंचर होने पर होमगार्ड पैदल रात को उसे जेल में दाखिल कराने पहुंचा था। चलते-चलते युवक ने पहले हाथ में बंधी रस्सी को ढीला कर खोल लिया। इसके बाद जेल गेट पर पहुंचते ही होमगार्ड को धक्का देकर वह भाग निकला। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
सदर कोतवाली में एक महिला ने 31 अगस्त 2025 को सदर कोतवाली में ठठिया थाना के गांव जनखत निवासी मोहित कुमार के खिलाफ बहला-फुसला कर 15 वर्षीय बेटी को अगवा करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने 16 नवंबर को मोहित को गिरफ्तार किया था।
रात करीब नौ बजे कोर्ट से मोहित को एक सिपाही और होमगार्ड बाइक से जिला जेल ले जा रहे थे। इस दौरान जेल से कुछ दूरी पर बाइक पंचर हो गई। इससे रात को सिपाही पैदल बाइक खींचने लगा। वहीं होमगार्ड मोहित को पैदल चलकर जेल ले जा रहा था। मोहित ने होमगार्ड को बातों में उलझा लिया।
इस दौरान हाथ में बंधी रस्सी को उसने ढीला कर लिया। जेल गेट पर पहुंचने पर होमगार्ड को धक्का देकर मोहित भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि छानबीन की जा रही है। मोहित की तलाश में दबिश चल रही है। जांच के बाद लापरवाही बरतने वाले सिपाही और होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। |