बिहार विधानसभा चुनाव में जीत का दुर्गापुर में जश्न मनाते भाजपा के नेता-कार्यकर्ता।
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर। Bihar Assembly Election Result 2025 बिहार विधानसभा चुनाव-2025 में भाजपा गठबंधन की प्रचंड जीत ने पश्चिम बंगाल में भी भाजपाइयों का मनोबल बढ़ा दिया है। बिहार के नतीजों को बंगाल के कार्यकर्ता आगामी चुनाव की झांकी बताते हुए कह रहे हैं कि अब बारी बंगाल की है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
कार्यकर्ताओं का मानना है कि बिहार की जीत से संगठन को नई ऊर्जा मिली है, जिसका असर अगले विधानसभा चुनाव में स्पष्ट दिखेगा। बिहार की जीत के बाद दुर्गापुर में उत्साहित भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और अलग-अलग स्थानों पर विजय जुलूस निकाले।
सागरभांगा एसबी मोड़ पर भाजपा नेता चंद्रशेखर बनर्जी के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इसी तरह दुर्गापुर के मामरा इलाके में भी मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में जुलूस निकला। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ नारेबाज़ी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।
अंडाल में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने राखाल चंद्र दास के नेतृत्व में विजय जुलूस निकाला और शहरवासियों के बीच लड्डू वितरित किए। भाजपा प्रवक्ता सुमंत मंडल ने कहा कि बिहार की जनता ने विकास के मुद्दे पर भाजपा गठबंधन को स्पष्ट बहुमत दिया है।
उन्होंने कहा कि झूठ और भ्रम फैलाकर सत्ता में लौटने की कोशिश करने वालों को जनता ने सख्त संदेश दिया है। मंडल ने आरोप लगाया कि बंगाल में लंबे समय से भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण का माहौल है, जिससे जनता त्रस्त है। उनका दावा है कि आने वाले चुनाव में बंगाल की जनता भी बिहार की तरह बदलाव का संदेश देगी।
बंगाल में भी होगी पुनरावृत्ति
बिहार चुनाव परिणामों को लेकर पांडवेश्वर के पूर्व विधायक और भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी ने कहा कि बिहार में जिस तरह सत्ता परिवर्तन का जनादेश मिला है, वैसी ही स्थिति बंगाल में भी बन रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार में एसआईआर (स्पेशल इलेक्टोरल रिवीजन) के तहत फर्जी, मृत और गैर-विद्यमान मतदाताओं के नाम हटाए गए, और इसी प्रकार की प्रक्रिया अब बंगाल में भी चल रही है।
तिवारी ने दावा किया कि बंगाल की मतदाता सूची से मृत लोगों, डबल नामों और फर्जी मतदाताओं के नाम हटेंगे, जिसके बाद तृणमूल सरकार की विदाई तय है। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव के लिए तैयार है और डबल इंजन की सरकार बंगाल में आने वाली है। |