यूपी के ये किसान होंगे मालामाल, लिंक मार्ग के लिए ज्यादा दाम पर खरीदी जाएगी 10 हेक्टेयर जमीन - प्रतीकात्मक तस्वीर
जागरण संवाददाता, मेरठ। बिजौली गांव से खरखौदा को जाने वाले लिंक मार्ग पर 10 हेक्टेयर भूमि औद्योगिक गलियारा के लिए चिह्नित है। इसकी खरीद की जानी है। लिंक मार्ग की इस जमीन के मालिक किसानों को सामान्य दरों से 20 प्रतिशत ज्यादा मूल्य मिलेगा। इसके लिए जिला प्रशासन संशोधित दर प्रस्ताव तैयार कर रहा है। जिसे स्वीकृति के लिए यूपीडा को भेजा जाएगा। स्वीकृति के बाद किसानों से जमीन के बैनामे कराए जाएंगे।
गंगा एक्सप्रेसवे से सटाकर स्थापित किए जा रहे औद्योगिक गलियारा के प्रथम चरण के लिए भूमि खरीद का कार्य ठिठका हुआ है। प्रदेश सरकार जल्द से जल्द भूमि खरीद का काम पूरा करके इसका आवंटन उद्यमियों को करना चाहती है। जिसके चलते जिला प्रशासन पर भूमि की खरीद का काम पूरा करने का दबाव है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
हाल ही में बिजौली गांव में 11 हेक्टेयर भूमि की खरीद की गई थी। जिसका भुगतान किसानों के खातों में बुधवार को कर दिया गया। अब बिजौली-खरखौदा लिंक मार्ग पर स्थित लगभग 10 हेक्टेयर भूमि की खरीद की तैयारी है। नियमानुसार लिंक मार्ग पर स्थित भूमि का मूल्य सामान्य मूल्य से 20 प्रतिशत अधिक किया जाता है।
जिलाधिकारी डा. वी के सिंह ने हाल ही में भूमि की खरीद को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में उन्होंने एडीएम वित्त को भूमि के संशोधित दर प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया था। एडीएम वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी ने बताया कि जल्द प्रस्ताव तैयार करके यूपीडा को भेजा जाएगा।
अभी होनी है 49 हेक्टेयर भूमि की खरीद
औद्योगिक गलियारा का प्रथम चरण 214 हेक्टेयर का है। इसमें 12 हेक्टेयर भूमि सरकारी है जिसका पुनर्ग्रहण किया जा रहा है। अभी तक कुल 165 हेक्टेयर भूमि की खरीद तथा पुनर्ग्रहण का कार्य किया गया है। अभी 49 हेक्टेयर भूमि की व्यवस्था किया जाना शेष है। |