कुरुक्षेत्र में हुई तेज वर्षा, 14 तक मौसम खुश्क। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, हिसार। प्रदेश में चार दिन से लगातार वर्षा हो रही है। उसके चलते तापमान में काफी गिरावट हुई। आने वाले दिनों में 14 अक्टूबर तक मौसम खुश्क रहेगा। इससे तापमान में दोबारा वृद्धि हो सकती है। वहीं, रात के समय हल्की ठंडक का अहसास होने के साथ तापमान 19 डिग्री के आसपास चल रहा है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
हिसार में बुधवार को दिन के समय धूप खिली। दूसरी तरफ मंगलवार रात और बुधवार को प्रदेश के 12 जिलों में वर्षा हुई। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार लगातार वर्षा से तापमान में तेजी से गिरावट हुई। रात के तापमान में इन चार दिनों में पांच से छह डिग्री की गिरावट हुई तो अधिकतम तापमान 10 डिग्री तक गिर गया।
प्रदेश के अधिकतम जिलों में हुई वर्षा से अब रात में ठंडी हवाएं चलने से थोड़ी ठंड का अहसास हो रहा है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग डा. मदन खीचड़ ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हरियाणा में आठ अक्टूबर के दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं व गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हुई है।
हकृवि हिसार की कृषि मौसम वैधशाला में 96 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है। इस दौरान दिन के तापमान में आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हुई है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के आगे जाने के बाद 9 से 14 अक्टूबर के दौरान मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान मौसम साफ रहने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। |