बच्ची की मौत के बाद मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह और आक्रोशित भीड़। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, झरिया। झरिया थाना क्षेत्र के लिलोरीपथरा बालूगद्दा में 11 वर्षीय मुस्कान की दर्दनाक मौत ने एक बार फिर अवैध कोयला परिवहन और बेलगाम ट्रकों की आवाजाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रविवार देर रात लगभग दो बजे अवैध कोयला लदा एक तेज रफ्तार ट्रक घर के बाहर सो रही मुस्कान को कुचलते हुए फरार हो गया। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों व स्वजन का आरोप है कि क्षेत्र में रात के अंधेरे में अवैध कोयला ढोने वाले ट्रकों की लगातार आवाजाही होती है। भारी वाहन तेज रफ्तार में मोहल्ले से गुजरते हैं, जिससे आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है।
लोगों का कहना है कि प्रशासन को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस हादसे ने लोगों के गुस्से को भड़का दिया। सोमवार की सुबह करीब सात बजे आक्रोशित स्वजन और स्थानीय लोगों ने झरिया–बलियापुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
घंटो तक हुआ जमकर हंगामा
प्रदर्शनकारियों ने अवैध खनन पर रोक, दोषी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गई।
सूचना मिलते ही झरिया समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि आक्रोशित लोग कार्रवाई की ठोस घोषणा तक हटने को तैयार नहीं थे। माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक सह मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और प्रशासन से अवैध परिवहन पर सख्ती बरतने की मांग की।
काफी मशक्कत के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार ने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि मामले की जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Jharkhand Nikay Chunav Live: कई बूथों में गड़बड़ी की शिकायत, धनबाद में पार्षद के भाई को दौड़ाकर पीटा
यह भी पढ़ें- Jharkhand Nikay Chunav: धनबाद के कई वार्डों से गड़बड़ी की शिकायत, मतदान पर्ची में गलत नाम होने पर हंगामा |