राजेंद्र शर्मा, मेरठ। ऐतिहासिक, स्वर्णिम एवं अविस्मरणीय पल...। क्रांतिधरा मेरठ के वासियों के मुंह से अब बरबस यही शब्द निकल रहे हैं। देश के प्रथम नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के सराय काले खां से न्यू अशोक नगर (5 किमी) और मेरठ साउथ से मोदीपुरम (21 किमी खंड) का उद्घाटन करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार, 22 फरवरी, 2026 की तारीख को ऐतिहासिक बना दिया।
इसके साथ ही मेरठ मेट्रो का भी मेरठ साउथ (दक्षिण) से लेकर मोदीपुरम (21 किमी) तक का शुभारंभ कर 22 फरवरी की तारीख को स्वर्णिम इतिहास के पन्नों में दर्ज कर दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत के संपूर्ण कॉरिडोर को होली पर्व से पूर्व ही एक अनूठे एवं बहुमूल्य उपहार के रूप में राष्ट्र को प्रदान कर दिया।
नमो ट्रेन के शुभारंभ के साथ ही यात्रियों को अब मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से लेकर सराय काले खां स्टेशन तक 82 किमी तक की यात्रा में करीब 55 मिनट का समय ही लगेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत में रविवार को शताब्दीनगर के पूरे स्टेशन परिसर को आकर्षक फूलों से सजाया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को शहर के दिल कहे जाने वाले शताब्दीनगर स्टेशन (दैनिक जागरण चौराहा) से दोपहर करीब 12:30 बजे मेरठ दक्षिण से लेकर मोदीपुरम तक के 21 किमी नमो भारत के विस्तारित कॉरिडोर का उद्घाटन किया। साथ ही मेरठ दक्षिण से मोदीपुरम तक चलने वाली मेरठ मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मेरठ मेट्रो में सवार होकर छात्र, श्रमिक एवं उद्योगपतियों के 19 सदस्यों के साथ मेरठ साउथ तक सफर के लिए रवाना हुए और मोहिउद्दीनपुर गेझा रोड मेरठ स्थित जनसभा स्थल पर पहुंचे।
हर किसी को था बेसब्री से इंतजार
दिल्ली मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेरठ के पड़ोसी जिले गाजियाबाद में रखी थी। तब से अब तक इस पूरे कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन के संचालन का बेसब्री से इंतजार हो रहा था। 22 फरवरी को यह इंतजार समाप्त हो गया, जब पीएम ने इस पूरे कॉरिडोर पर ट्रेन के संचालन का शुभारंभ कर दिया। वहीं, यात्रियों के मुंह से भी रविवार को यही निकला कि दिल्ली आज से दूर नहीं।
प्रत्येक 10 मिनट में दौड़ेगी नमो ट्रेन, 160 की गति से भरेगी रफ्तार
नमो भारत ट्रेन के शुभारंभ के बाद अब मोदीपुरम से लेकर दिल्ली सराय काले खां तक का समय एक घंटे से भी कम (55 मिनट) में पूरा होगा, क्योंकि मेरठ के मोदीपुरम से लेकर सराय काले खां के बीच सभी 15 स्टेशन के संपूर्ण कॉरिडोर में ट्रेन का परिचालन शुरू हो जाएगा।
180 किमी प्रति घंटे डिजाइन गति वाली नमो भारत ट्रेन करीब 160 किमी प्रति घंटा के हिसाब से रफ्तार भरेगी। वहीं, मेरठ मेट्रो 21 किमी की यात्रा मात्र 30 मिनट में पूरी करेगी। मेरठ मेट्रो ट्रेन 12 स्टेशनों से होकर यात्रा कराएगी। इनमें मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी, शताब्दीनगर, ब्रहमपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैंसाली, बेगमपुल, एमईएस कालोनी, डौरली, मेरठ नार्थ और मोदीपुरम शामिल हैं। 135 किमी प्रति घंटे की डिजाइन गति वाली मेरठ मेट्रो करीब 120 किमी प्रति घंटा की गति से दौड़ेगी। तीन कोच वाली मेट्रो भी हर 10 मिनट में दौड़ेगी।
ऐसे पूरा हुआ ऐतिहासिक सफर
- 8 मार्च, 2019: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर की आधारशिला रखी। इसके उपरांत कार्य ने गति पकड़ी।
- 20 अक्टूबर, 2023: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के पहले नमो भारत कॉरिडोर के 17 किमी लंबे प्राथमिक खंड का शुभारंभ किया।
- 6 मार्च, 2024: मोदीनगर नार्थ तक 17 किमी के अतिरिक्त खंड को शुरू किया गया। यह 18 अगस्त, 2024 को मेरठ साउथ तक शुरू हुआ।
- 22 फरवरी, 2026: मेरठ के शताब्दीनगर से मेरठ साउथ से मोदीपुरम एवं दिल्ली न्यू अशोक नगर से सराय काले खां के अंतिम सेक्शन का शुभारंभ किया गया।
|