LHC0088 • Yesterday 17:57 • views 445
पति ने की पत्नी की हत्या। (AI Generated Image)
संवाद सूत्र, जोकीहाट (अररिया)। जोकीहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत तारण पंचायत की वार्ड संख्या आठ में गुरूवार की देर रात पति ने अपनी पत्नी संजरी खातून (25) की गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपित पति फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया।
जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह वारदात हुई। घटना के बाद फोरेंसिक टीम भी गांव पहुंचकर मामले की जांच की और अपने साथ कुछ सैंपल भी अनुसंधान के लिए साक्ष्य के तौर पर ले गई है।
मृतका के स्वजनों ने बताया कि संजरी खातून की शादी तारण पंचायत की वार्ड संख्या आठ निवासी अनवार के साथ तीन माह पूर्व हुई थी। घटना की सूचना पर उसकी मायके महलगांव थाना क्षेत्र के उदा से पहुंचे लोगों ने हंगामा किया और हत्यारा पति अनवार की गिरफ्तारी की मांग की।
पहले भी दो पत्नियों की कर चुका है हत्या
वहीं, तारण पंचायत के पूर्व मुखिया मेराज आलम ने बताया कि अनवार पहले भी दो पत्नियों की हत्या कर चुका है। उन्होंने प्रशासन से हत्यारे को गिरफ्तार कर उम्रकैद की सजा दिलाने की मांग की।
इस संबंध में पुलिस पुराने मामलों की भी जांच कर रही है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपित की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। बताया कि आरोपित पहली पत्नी की हत्या और दहेज प्रताड़ना के मामले में लंबे समय तक जेल की सजा काट चुका है और कुछ माह पूर्व ही जेल से बाहर आया था।
घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया है कि यह हत्यारोपित की तीसरी शादी थी।
लोगों का कहना था कि रमजान के पाक दिनों में भी तो कम से कम ऐसा दरिंदा पति अल्लाह से डरता। थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा। समाचार लिखे जाने तक एफआईआर दर्ज की प्रक्रिया चल रही थी।
यह भी पढ़ें- बेटा भगाकर महिला को ले उड़ा अंबाला, चाकू मारकर पिता की हत्या, लखीसराय में प्रेम प्रसंग ने ली एक और जान |
|