संवाद सहयोगी, जागरण पिथौरागढ़। कैलाश मानसरोवर, आदि कैलाश, ऊं पर्वत यात्रा मार्ग में अब श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के लिए बेहतर सुविधायें तैयार की जायेंगी। शासन ने इसके लिए 13.50 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी है। शीतकाल की समाप्ति के साथ ही स्वीकृत कार्य धरातल पर उतरने लगेंगे।
आदि कैलाश, ऊं पर्वत और कैलास मानसरोवर यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की तादात लगातार बढ़ रही है। तमाम पर्यटक भी देश भर से इस क्षेत्र मेंं पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती तादात के अनुरूप अभी सुविधाओं की कमी है। इस कमी को दूर करने के प्रयास शासन स्तर से चल रहे हैं। इसी क्रम में अब शासन ने यात्रा मार्ग में पड़ने वाले चार गांवों में नई सुविधायें विकसित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। इसके लिए पर्यटन विभाग को 13 करोड़ की धनराशि भी जारी कर दी गई है।
इन गांवों में होंगे कार्य
कालापानी- करीब 14 हजार फिट की ऊंचाई पर स्थित कालापानी में कल्चरर हेरिटेज भवन का निर्माण कराया जायेगा। यात्रियों को इस भवन के जरिये सीमांंत क्षेत्र की संस्कृति और इतिहास की जानकारी मिल सकेगी। इस क्षेत्र की प्रमुख पहचान यहां के गर्म जल स्रोत हैं। तापमान शून्य डिग्री होने के बावजूद यहां के जल स्रोत से गर्म पानी निकलता है। इस स्रोत का जीर्णोद्धार कराया जायेगा।
कुटी और नाबी गांव में पंचायत घर बनाये जायेंगे, इसका उपयोग ग्रामीण अपने सामूहिक कार्यों के लिए कर सकेंगे। आपात स्थितियों में यात्री भी पंचायत घर का उपयोग कर सकेंगे। गांवों में विलेज चौक भी बनेंगे। जहां ग्रामीण आपस में चर्चा कर सकेंगे। गांव में व्यू प्वाइंट बनाये जायेंगे, जहां बैठकर लोग ऊं पर्वत के दर्शन कर सकेंगे। नाबीढांग गांव में भी इसी तरह की सुविधाओं का विकास किया जायेगा। सभी गांवों में शौचालय बनाये जायेंगे।
कैलाश मानसरोवर यात्रा पथ के चार गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को 13.50 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इस धनराशि से व्यू प्वाइंट, हैरिटेज भवन, गर्म पानी के जल स्रोतों के संरक्षण जैसे कार्य कराये जाने हैं। ठंड कम होते ही कार्य शुरू कर दिये जायेंगे।
कीर्ति आर्य, जिला पर्यटन अधिकारी, पिथौरागढ़ |
|