search

भांग का प्रसाद पीते ही बिगड़ी सेहत, खगड़िया के गांव में मचा हड़कंप, बच्चे समेत 100+ बीमार

cy520520 1 hour(s) ago views 518
  

महाशिवरात्रि पर भांग वाला प्रसाद पड़ा भारी, खगड़िया में 100 से अधिक लोग बीमार



संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया)। खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत दरियापुर भेलवा पंचायत के नयागांव-पचखुट्टी में महाशिवरात्रि की रात प्रसाद के रूप में दूध में घुली भांग का शरबत पीने के बाद सौ से अधिक लोग बीमार पड़ गए। बीमारों में बड़ी संख्या बच्चों और किशोरों की है। घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर स्थानीय काली मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया था। अगले दिन 16 फरवरी की सुबह से ग्रामीणों में हल्की उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायतें सामने आने लगीं। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य मौसमी समस्या समझकर दवा दुकानों से दवा लेकर सेवन किया। हालांकि 17 फरवरी से मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी और कई लोगों की हालत बिगड़ने लगी।

18 फरवरी को स्थिति गंभीर होते देख स्थानीय मुखिया राम विनय कुमार ने परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. कशिश को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम को गांव भेजा गया और नयागांव-पचखुट्टी में कैंप लगाकर इलाज शुरू किया गया। गंभीर रूप से बीमार 12 वर्षीय मोहित कुमार और 10 वर्षीय बालवीर को एंबुलेंस से परबत्ता सीएचसी लाकर भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. कशिश स्वयं गांव में कैंप कर उपचार की निगरानी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रसाद सेवन के बाद फूड प्वाइजनिंग के लक्षण सामने आए हैं। लगभग सौ से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें बच्चों की संख्या अधिक है। सभी मरीजों का समुचित इलाज किया जा रहा है और फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य व खतरे से बाहर है। स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह नजर बनाए हुए है।

इधर, परबत्ता थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष सुमंत कुमार चौधरी ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार महाशिवरात्रि की रात दूध में घुली भांग का प्रसाद सेवन करने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ी। मामले की जांच की जा रही है।

परबत्ता सीओ हरिनाथ राम ने भी गांव पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली और वरीय अधिकारियों को अवगत कराया। वहीं बुधवार की देर शाम गोगरी एसडीओ संजय कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर हालात की समीक्षा की।


मेडिकल टीम गांव भेजी गई है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के नेतृत्व में कैंप कर इलाज चल रहा है। स्थिति नियंत्रण में है।


-

डा. रामेंद्र, सिविल सर्जन, खगड़िया।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
159694