फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, खूंटी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल नाथ शाहदेव ने बुधवार को झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। खूंटी नगर पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थित अध्यक्ष प्रत्याशी रानी टूटी के चुनावी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने सरकार की नीतियों और राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। शाहदेव ने दावा किया कि सरकार की हठधर्मिता के कारण झारखंड को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। प्रतुल नाथ शाहदेव ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार नगर निकायों में प्रशासकों के माध्यम से घपला-घोटाला जारी रखना चाहती थी, इसलिए चुनाव टालती रही। उन्होंने कहा कि भाजपा के निरंतर दबाव और उच्च न्यायालय की कड़ी फटकार के बाद सरकार चुनाव कराने को मजबूर हुई है। समय पर चुनाव न होने के कारण झारखंड को 2100 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता से वंचित होना पड़ा है।
अपराध के आंकड़ों पर सरकार को घेरा
प्रदेश प्रवक्ता ने राज्य की सुरक्षा स्थिति को बेहद चिंताजनक बताया। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि मौजूदा सरकार के लगभग 6 वर्षों के कार्यकाल में:
- 4500 से अधिक बच्चे राज्य से लापता हुए हैं।
- 8000 से अधिक महिलाएं और बच्चियां बलात्कार का शिकार हुई हैं।
- अपराध दर में 23 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है।
शाहदेव ने विशेष रूप से आदिवासी महिलाओं को निशाना बनाए जाने पर दुख व्यक्त किया और इसे सरकार की संवेदनहीनता का प्रमाण बताया।
खूंटी: नक्सलवाद के बाद संगठित अपराध का खतरा खूंटी जिले की स्थिति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय यह क्षेत्र नक्सलवाद के लिए जाना जाता था। अब जबकि नक्सली प्रभाव कम हुआ है, तो इसकी जगह संगठित अपराधियों ने ले ली है। उन्होंने कहा कि आज खूंटी में मानव तस्करी, बच्चा चोरी और अवैध बालू खनन का बोलबाला है। सोमा मुंडा जैसी दिनदहाड़े होने वाली हत्याएं बताती हैं कि अपराधियों के मन से कानून का खौफ खत्म हो चुका है।
पूर्व विधायक और जिलाध्यक्ष ने भी साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद तोरपा के पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने भी अवैध बालू और पत्थर तस्करी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रशासन की चुप्पी के कारण असामाजिक तत्व बेखौफ हैं और क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों के साथ-साथ मानव सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो गया है।
वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने विश्वास जताया कि जनता राज्य सरकार की नाकामियों का जवाब इस चुनाव में देगी। उन्होंने खूंटी के सर्वांगीण विकास के लिए वोटरों को स्वविवेक से मतदान की अपील की। |
|