परीक्षा केंद्र के बाहर रोल नंबर तलाशते परीक्षार्थी।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा आज से शुरू हो रही है। सुबह आठ बजे से हाईस्कूल की परीक्षा शुरू हो गई। जिले में जिला कारागार सहित कुल 107 परीक्षा केंद्रों पर 71 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। 600 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, पांच जोन और 37 सेक्टर में जिला बांटा गया है। वहीं 107 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। 3,350 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगी है।
पहले दिन इन दोनों कक्षाओं की हिंदी की परीक्षा है।परीक्षा केंद्रों पर कड़ी चेकिंग के बाद हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं को अंदर प्रवेश करने दिया गया।
परीक्षार्थी इस बातों का रखें ध्यान
- प्रश्न मिलने पर यह देख लें कि जिस विषय की परीक्षा है प्रश्न पत्र उसी का है या नहीं।
- प्रश्न पत्र ठीक तरह पढ़ें, प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका पर निर्धारित जगह केवल अपना रोल नंबर लिखें।
ये सामान प्रतिबंधित
- मोबाइल, स्मार्ट घड़ी और इयर फोन।
- ज्योमेट्री बॉक्स जिस पर किसी भी प्रकार के गणितीय सूत्र या अन्य जानकारी छपी हो।
फोटो स्टेट की दुकानें बंद
सभी परीक्षा केंद्रों के एक किलोमीटर के दायरे में फोटोस्टेट की सभी दुकानेंं बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही एक किमी दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। डीआईओएस ने बताया कि इन व्यवस्थाओंं का कड़ाई से पालन प्रशासन द्वारा कराया जाएगा।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट और प्रधानाचार्य के पास ही रहेगा मोबाइल
डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा केंद्र में केवल स्टेटिक मजिस्ट्रेट और प्रधानाचार्य के पास ही मोबाइल रहेगा। अन्य कार्मिक केंद्र के अंदर मोबाइल लेकर नहीं जा सकेंगे। वे अपने मोबाइल बाहर ही रखेंगे। कार्मिकों को परीक्षार्थियों से फ्रेंडली माहौल रख कर ठीक तरह व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। शौचालय की सफाई भी दोनों पारियों में कराई जाए। |
|