बंगाल में बेरोजगारी भत्ता का फॉर्म
जागरण संवाददाता, कोलकाता। बंगाल सरकार की युवा साथी योजना के तहत बेरोजगारी भत्ता के लिए जिलों में लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। इनमें स्नातकोत्तर से लेकर पीएचडीधारी तक शामिल हैं। कुछ स्थानों पर तो भत्ते के लिए लंबी कतारों के कारण अफरा-तफरी का माहौल भी बन गया।
तृणमूल सरकार ने 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले युवा साथी योजना शुरू की है। इस योजना के तहत 21-40 वर्ष की आयु वर्ग के बेरोजगार युवाओं को अधिकतम पांच वर्षों की अवधि के लिए राज्य सरकार द्वारा 1,500 रुपये का मासिक भत्ता प्रदान किया जाएगा।
वहीं युवा साथी भत्ते के लिए ऑनलाइन आवेदन रविवार आधी रात से शुरू हो गई हैं। ऑफलाइन दबाव कम करने के लिए राज्य सरकार ने यह कदम उठाया है। बता दें कि सरकार ने इस योजना के पंजीकरण के लिए रविवार से शिविरों का संचालन शुरू कर दिया है।
राज्य के सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों में संचालित इन शिविरों में युवा साथी योजना के अलावा राज्य सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लिए भी नए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। ये शिविर 26 फरवरी तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक संचालित होंगे। पहले दिन बड़ी संख्या में युवा इन शिविरों में उमड़े।
यह भी पढ़ें- भारत बंद: पश्चिम बंगाल सरकार का कड़ा रुख, अनुपस्थित कर्मचारियों का कटेगा वेतन |