गुरुग्राम में अवैध पार्किंग पर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती रहेगी। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। अभी तक वाहन चालक शहर में जहां-तहां सड़कों पर गाड़ी खड़ी कर खरीदारी करने चले जाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा। ट्रैफिक पुलिस न सिर्फ ऐसे वाहनों को सड़क से उठाकर पार्किंग क्षेत्र में खड़ा करेगी, वहीं वाहन मालिक पर जुर्माना भी लगाएगी।
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन ने पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। साथ ही वाहन चालकों को सड़क पर गाड़ी नहीं खड़ी करने की चेतावनी दी है। देखा जाता है कि कई बार त्योहार व अन्य मौकों पर बाजार में खरीदारी करने आने वाले वाहन चालक अपने-अपने वाहन सड़कों पर ही खड़े कर देते हैं। इससे जाम की समस्या होती है।
जाम की समस्या से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस कई दिनों से टो क्रेन उपलब्ध कराने के लिए जीएमडीए से पत्राचार कर रही थी। अब जीएमडीए की ओर से ट्रैफिक पुलिस को टो-क्रेन उपलब्ध कराई गई है। इन सभी क्रेन को 17 फरवरी यानी मंगलवार से पूर्वी और पश्चिमी जोन में यातायात पुलिस संचालित करेगी।
पहली बार में 15 सौ और दूसरी बार में 25 सौ रुपये होगा जुर्माना
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि यदि वाहन अवैध पार्किंग या सड़क पर खड़ा पाया गया तो टो-क्रेन से वाहन को टो-कर लिया जाएगा और संबंधित पार्किंग क्षेत्र में खड़ा कर दिया जाएगा। पहली बार टो-किए जाने पर एक हजार रुपये क्रेन चार्ज और 500 रुपये नो पार्किंग का जुर्माना भी लगाया जाएगा। यानी वाहन मालिक को कुल 1500 रुपये भरने पड़ेंगे। दूसरी बार ऐसा करने पर यह जुर्माना राशि 500 से 1500 रुपये और क्रेन चार्ज 1000 रुपये सहित कुल 2500 रुपये हो जाएगा।
इन सड़कों पर होगी कार्रवाई और यहां खड़े किए जाएंगे वाहन
पूर्वी जोन
टो किए जाने वाले स्थान पार्किंग स्थल
सेक्टर 29 क्षेत्र
किंगडम आफ ड्रीम्स के पास (उबर पार्किंग)
सेक्टर 44 क्षेत्र
अपैरल हाउस के सामने पार्किंग
सेक्टर 51 क्षेत्र
महिला पुलिस थाना सेक्टर 51 के पास, वाटर बूस्टिंग स्टेशन
मेदांता क्षेत्र रोड
मेंदाता अस्पताल के नजदीक
एआईटी रोड, गोल्फ कोर्स रोड, आइएलएम यूनिवर्सिटी क्षेत्र
एआईटी चौक वाइन शॉप के नजदीक
पश्चिमी जोन
टो किए जाने वाले स्थान पार्किंग स्थल
सदर बाजार क्षेत्र
सेशन हाउस पार्किंग
ओल्ड महरौली रोड, सेक्टर 14 मार्केट क्षेत्र
अतुल कटारिया सनथ रोड
पासपोर्ट आफिस रोड क्षेत्र
एटलस चौक हाईवे पर 24 गुणा 7 बूथ के नजदीक
कन्या विश्वविधालय क्षेत्र
गोशाला ग्राउंड पार्किंग
सेक्टर 83 सफायर माल क्षेत्र
खेड़कीदौला पुलिस थाने के सामने
गुरुग्राम यातायात पुलिस का मुख्य मकसद गुरुग्राम की सड़कों पर लोगों को सुगम व सुरक्षित सफर उपलब्ध कराना है। इसके लिए यातायात पुलिस अपना कार्य कर्मठता व सच्ची निष्ठा के साथ निरंतर कर रही है। इन क्रेनों के सहयोग से अवैध पार्किंग व सड़क मार्गों पर खड़े वाहनों को टो करने से लोगों का सफर पहले से अधिक सुगम होगा और उनका कीमती समय भी बचेगा।
-
डॉ. राजेश मोहन, डीसीपी ट्रैफिक |
|