राशिद खान ने रचा इतिहास।
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 के 28वें मुकाबले में सोमवार को अफगानिस्तान ने यूएई को 5 विकेट से हराया। इसके साथ ही राशिद खान की कप्तानी वाली टीम ने टूर्नामेंट में पहली बार जीत का स्वाद चखा। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अफगान कप्तान राशिद खान ने इतिहास भी रच दिया। वह टी20 क्रिकेट के इतिहास में 700 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं।
उन्होंने 518 मैच की 513 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। 6/17 टी20 क्रिकेट में उनका बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन है। वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो 631 विकेटों के साथ इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। सुनील नारायण 613 विकेटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। टी20 इंटरनेशनल मैचों में भी राशिद 191 विकेटों के साथ टॉप पर हैं। न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउथी 164 विकेटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं ईश सोढ़ी 162 विकेटों के साथ तीसरे नंबर पर हैं।
16वें ओवर में मिली सफलता
राशिद ने यूएई की पारी के 16वें ओवर में मोहम्मद अरफान को आउट करके यह उपलब्धि हासिल की। रिवर्स स्वीप शॉट खेलने की कोशिश में अरफान हिट-विकेट आउट हुए। अरफान ने 2 गेंदों का सामना किया और कोई रन नहीं बनाया। राशिद की गेंदबाजी की बात करें तो वह काफी किफायती रहे। कप्तान राशिद ने अपने कोटे के 4 ओवर में 6 की इकोनॉमी से 24 रन देकर 1 सफलता प्राप्त की।
मुकाबले का हाल
मुकाबले की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएई ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 160 रन बनाए। 161 रन चेज करने उतरी अफगानिस्तान को पावरप्ले की शुरुआत में ही झटका लगा। रहमानुल्लाह गुरबाज (0) और गुलबदीन नायब (13) आउट हो गए।
इब्राहिम जादरान ने शानदार अर्धशतक (53) लगाकर पारी को संभाला। इसके बाद दरवेश रसूली (33) और अजमतुल्लाह उमरजई (40*) ने अहम योगदान दिया। अब 19 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में अपने अंतिम ग्रुप मैच में कनाडा का सामना अफगानिस्तान से होगा।
यह भी पढ़ें- UAE vs AFG: ओमरजई के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर अफगानिस्तान ने खोला जीत का खाता, राशिद खान के 700 विकेट पूरे
यह भी पढ़ें- T20 World Cup 2026 All Team Squad: भारत-श्रीलंका से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक, अब सभी देशों ने किया अपने स्क्वॉड का एलान |
|