search

चौका-छक्का और कैच देखकर हर कोई बोला- वाह रिंकू वाह... टी-20 विश्व कप में भारत की जीत पर अलीगढ़ में जश्न

Chikheang 1 hour(s) ago views 604
  

भारत की जीत पर जश्न मनाते अलीगढ़वासी।



जागरण संवाददाता, अलीगढ़। 18.5 ओवर। ये वो ओवर था जब अलीगढ़ का हर व्यक्ति अपने घर, दुकान, पड़ोस, मैदान की टीवी स्क्रीन पर टकटकी लगाकर वहीं स्थिर हो गया। टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत-पाक मैच की भारतीय पारी में 18 ओवर पांच गेंद फेंके जाने के बाद अलीगढ़ के लाल रिंकू सिंह के कदम पिच पर पड़े।

कदम जमीन पर थे मगर आत्मविश्वास सातवें आसमान पर था। 20वें ओवर की तीसरी गेंद (रिंकू की दूसरी) पर बल्ले से सनसनाता हुआ चौका निकला तो क्रिकेट प्रेमी खुशी से उछल पड़े। अगली ही गेंद पर अपना चिरपरिचित अंदाज दिखाते हुए लहराता छक्का जड़ा तो हर किसी की जुबान से यही निकला वाह रिंकू वाह...। अलीगढ़ के लाल ने चार गेंदों पर 11 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। ये भारत की पाकिस्तान पर जीत ही नहीं बल्कि उसका मानमर्दन भी था।
टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के भारत-पाक मैच में रिंकू सिंह पर ही रही निगाहें

कोलंबो में हो रहे मैच के दौरान रिंकू का जलवा सिर्फ बल्लेबाजी में ही नहीं दिखा बल्कि मैदान पर क्षेत्ररक्षण में भी बिखरा। दो पाकिस्तानी बल्लेबाजों के शानदार कैच पकड़े तो रिंकू... रिंकू... रिंकू... की आवाजें शहर की सड़कों व गलियों में गूंजने लगीं। महुआखेड़ा मैदान पर बड़ी एलईडी स्क्रीन पर प्रसारण देख रहे क्रिकेट प्रेमी नाचने भी लगे। कुछ ने वहां एकत्रित की गई आतिशबाजी भी चलानी शुरू कर दी।
रिंकू ने आखिरी गेंदों पर चौका-छक्का जड़ा तो खुशी से झूम उठे क्रिकेटप्रेमी

भारत-पाक मैच में भारतीय टीम की जीत ने सबको खुशी व सुकून दिया। मगर अलीगढ़ के खेल प्रेमियों को खुशी व सुकून के साथ रोमांच व जुनून भी भरपूर दिया। क्योंकि भारतीय टीम में अलीगढ़ के रिंकू सिंह का खेलना शहरवासियों में रोमांच व जुनून भर देता है। 17वें ओवर में रिंकू ने गेंद हाथ में थामी तो क्रिकेट प्रेमी उनके नए अवतार को देखने के लिए स्क्रीन के सामने ठिठक गए।

रिंकू ने एक ओवर में नौ रन दिए लेकिन विकेट निकालने में सफलता नहीं मिली। रिंकू के घर पर मां बीना देवी व पिता खानचंद समेत अन्य स्वजन भी टीवी के सामने टकटकी लगाए बेटे को खेलते हुए देख रहे थे। बेटे का हरफनमौला प्रदर्शन देख उनकी भी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
शहर में मना जश्न, आतिशबाजी

पाकिस्तान पर भारतीय टीम की जीत ने शहर में दीपावली सा माहौल बना दिया। हर गली व चौराहे पर युवा और क्रिकेट प्रेमी पटाखे जला रहे थे। सभी एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दे रहे थे। युवाओं ने बाइक रैली निकालकर भी जश्न मनाया।

किसी ने कहा कि एक बार फिर पाकिस्तान को धूल चटाई तो किसी ने कहा भारत से खेलने के लिए मना करने वाले पाकिस्तान का मान मर्दन कर दिया। क्रिकेट प्रेमी अर्जुन सिंह फकीरा ने महुआखेड़ा मैदान पर स्क्रीन लगवाकर प्रशिक्षु क्रिकेटर्स को मैच दिखवाया। भारत की जीत पर उन्होंने आतिशबाजी भी की और सभी को मिठाई भी खिलाई।

  


विश्व कप में एक बार फिर भारत ने पाकिस्तान को धूल चटाई। रिंकू भइया की बैटिंग और क्षेत्ररक्षण देखकर तो मजा आ गया। उनकी बैटिंग देखने का इंतजार कर रहा था। दीपेश कुमार


इशान किशन की शानदार बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों ने अपने प्रदर्शन से जीत दिलाई। इसमें रिंकू भाई की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी वैसी ही रही जैसे स्वादिष्ट दाल में तड़का। राघव वार्ष्णेय


रिंकू भइया की चार गेंदों में 11 रन की पारी के बाद शानदार फील्डिंग देखकर मजा आ गया। वे हर बार भारतीय टीम की जीत में अहम रोल अदा करते हैं। शानदार जीत है। आदित्य मोहन

भारतीय टीम के सामने पाकिस्तान ने फिर मुंह की खाई। रिंकू भाई ने छोटी व महत्वपूर्ण पारी से स्कोर को आगे पहुंचाया। दो शानदार कैच लेकर ताबूत में आखिरी कील ठोंक दी। गौरव राजपू्त

हमारे देश की टीम बहुत अच्छी खेली। खासकर ईशान किशन की बल्लेबाजी बहुत शानदार रही। रिंकू सिंह ने छोटी मगर असरदार पारी खेली। टीम की जीत में भरपूर योगदान दिया। बढ़िया खेले। शैलेंद्र चौधरी, ओजोन सिटी

भारतीय टीम ने काफी शानदार खेला। रिंकू सिंह की बल्लेबाजी व क्षेत्ररक्षण शानदार था। पिच पर जाते ही आक्रामक रुख अपनाना मुश्किल होता है लेकिन रिंकू इसमें माहिर हो गए हैं। अलीगढ़वासियों को जीत की बधाई। प्रशांत सिंघल, मेयर
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162511