सड़क हादसे में युवक की मौत। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, भिवानी। जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए दो सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल है। इसमें से चार को प्राथमिक उपचार के लिए पीजीआइ रोहतक रेफर किया है, जबकि तीन का जिला नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं संबंधित पुलिस थाना की टीम मामले की जांच में जुटी है।
पहला मामला जुई पुलिस थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार करीब 22 वर्षीय मनोज उर्फ बच्ची अविवाहित था और वह जुई में ही लोहारू रोड स्थित गाड़ी सजाने की दुकान पर काम करता था। वह तीन भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था।
शनिवार रात करीब 12 बजकर 50 मिनट पर वह अपने तीन दोस्तों के साथ हिसार से जुई पहुंचा। वे सभी आई-20 कार में सवार थे, जिसे गांव जुई निवासी मोंटी चला रहा था। स्वजन के अनुसार मोंटी ने गाड़ी लापरवाही से चलाई और ब्रेकर के पास बिजली के पोल में टक्कर मार दी।
हादसे में गाड़ी सवार मनोज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन को हल्की चोट आई है। जुई कलां थाना पुलिस ने रविवार सुबह मृतक मनोज के स्वजन के बयान पर आरोपित मोंटी के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
दूसरा मामला सदर पुलिस थाना क्षेत्र का है। शनिवार रात करीब नौ बजे बापोड़ा चौक के पास तेज रफ्तार स्पोर्कियों गाड़ी में सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गाड़ी पलटने के कारण चारों घायलों को घायलावस्था में उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में लाया गया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उन्हें पीजीआइ रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने पर घायलों की पहचान नहीं हो सकी। वहीं सदर थाना पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।
इस संबंध में मनोज के स्वजन के बयान पर आरोपित गाड़ी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- एएसआइ रणबीर सिंह, जांच अधिकारी, जुई कलां थाना पुलिस। |
|