search

Sirmaur News: नशा तस्करी में अब महिलाएं भी सक्रिय, चरस सहित उत्तराखंड की तीन गिरफ्तार

deltin33 1 hour(s) ago views 819
  

नशा तस्करी में शामिल महिला गिरफ्तार। फाइल फोटो



जागरण संवाददाता, नाहन। जिला सिरमौर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने 835 ग्राम चरस के साथ तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी सिंघपुरा की टीम को पहले से ही गुप्त सूचना के माध्यम से जानकारी मिली थी कि नशे की खेप लेकर कुछ लोग खोदरी माजरी क्षेत्र से गोजर की ओर आने वाले हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाते हुए घेराबंदी की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी।

कुछ ही देर बाद तीन महिलाएं पैदल आती दिखाई दीं। पुलिस ने संदेह के आधार पर उन्हें रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 835 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।

आरोपितों की पहचान शानु राय पत्नी हरी दास निवासी शाहपुर कल्याणपुर धर्मावाला डाकघर हर्बटपुर तहसील विकासनगर जिला देहरादून उत्तराखंड, बबीता पत्नी मनोज निवासी भीमावाला डाकघर विकासनगर जिला देहरादून उत्तराखंड तथा आशिया परबीन पत्नी तासीन अली निवासी विद्यापीठ मार्ग विकासनगर जिला देहरादून उत्तराखंड के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार महिलाओं की संलिप्तता सामने आने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और नशा तस्करी के बदलते तरीकों को लेकर चिंता भी बढ़ी है। पुलिस ने तीनों आरोपितों के विरुद्ध थाना पुरुवाला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 29, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया है।

आरोपितों को गिरफ्तार कर अदालत से पुलिस रिमांड प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया और इसे कहां सप्लाई किया जाना था, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

जिला सिरमौर पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
471567