भारतीय सेना में भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रतीकात्मक फोटो
जागरण टीम, हमीरपुर। युवाओं के पास भारतीय थल सेना में भर्ती होने का मौका है। अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 13 फरवरी से आरंभ कर दिया गया है। थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि अग्निवीर जीडी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क एवं एसकेटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन (आठवीं-10वीं) व अग्निवीर महिला मिलट्री पुलिस की भर्ती होगी।
ऑनलाइन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट होगा
इसके लिए आनलाइन पंजीकरण पहली अप्रैल तक किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की पहले ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा होगी और उसके बाद भर्ती रैली होगी।
आधार से लिंक हो मोबाइल नंबर
आवेदन के इच्छुक एवं पात्र युवा वेबसाइट ज्वाइनइंडियनआर्मी.एनआइसी.इन पर लॉग इन कर सकते हैं। आनलाइन पंजीकरण करवाने वाले उम्मीदवार का एक्टिव मोबाइल नंबर और ईमेल आइडी होनी चाहिए तथा ये आधार नंबर नंबर से लिंक होने चाहिए।
मंडी, कुल्लू व लाहुल स्पीति की अग्निवीर भर्ती 22 मार्च से
उधर, अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की भर्ती 22 से 30 मार्च तक ट्रेनिंग ग्राउंड रिजर्व बटालियन पंडोह में होगी। यह भर्ती रैली मंडी, कुल्लू और लाहुल स्पीति जिलों के उन अभ्यर्थियों के लिए होगी, जिन्होंने 2025 की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की है। भर्ती निदेशक सेना भर्ती कार्यालय मंडी कर्नल गौतम निशांत ने बताया कि लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड शीघ्र ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। इसकी सूचना अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत ईमेल पर भी उपलब्ध करवाई जाएगी। अभ्यर्थी वेबसाइट पर लाग इन कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
सभी अभ्यर्थी प्रवेश पत्र में दर्शाई गई तिथि और समय के अनुसार ही ट्रेनिंग ग्राउंड रिजर्व बटालियन पंडोह में भर्ती रैली के लिए उपस्थित होना सुनिश्चित करें। भर्ती निदेशक ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे भर्ती रैली संबंधी जारी अधिसूचना के अनुसार सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ अवश्य लाएं तथा निर्धारित समयानुसार ही रैली स्थल पर पहुंचें, ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
यह भी पढ़ें: हिमाचल के नड्डी में एशिया के सबसे लंबे जिपलाइन प्रोजेक्ट के लिए कदमताल शुरू, चार स्टेशन और तीन सेक्शन बनेंगे |
|