search

नहीं थमेगा इलेक्ट्रिक वाहनों का पहिया, पीएम ई-ड्राइव योजना से चार्जिंग स्टेशन की तैयारी तेज

Chikheang 1 hour(s) ago views 344
  

PM E Drive Scheme India: परिवहन विभाग ने बिजली विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर चार्जिंग स्टेशन के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रतीकात्मक फोटो  



जागरण संवाददाता, मधुबनी। EV Charging Station Madhubani: इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग को देखते हुए जिले में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।

पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत मधुबनी में सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। राज्य परिवहन आयुक्त के निर्देश पर चार्जिंग स्टेशन निर्माण से जुड़े प्राक्कलन (एस्टिमेट) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और बिजली कंपनी से समन्वय तेज कर दिया गया है।

यह योजना भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय द्वारा संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत नगर एवं शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों तथा एक्सप्रेस-वे पर सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन लगाए जाने हैं।

  

इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से वित्तीय सहयोग दिया जाएगा। योजना का लाभ पाने के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना अनिवार्य है, जिसमें चार्जिंग स्टेशन की स्थापना से संबंधित खर्च का विस्तृत विवरण अपलोड किया जाएगा।

मधुबनी जिले में इस योजना के क्रियान्वयन के लिए अपर जिला परिवहन पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। वे नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के संबंधित कार्यपालक अभियंता से समन्वय कर अलग-अलग विद्युत भार के अनुसार संभावित खर्च का डिमांड नोट और प्राक्कलन तैयार कराएंगे। इसके साथ ही जिले में ऐसे संभावित स्थानों की पहचान भी शुरू कर दी गई है, जहां चरणबद्ध तरीके से चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा सकें।

जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीराम बाबू ने बताया कि चार्जिंग स्टेशन बनने से जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा मिलेगा। इससे न केवल पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता घटेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को शीघ्र प्राक्कलन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि समय पर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजकर योजना का लाभ मधुबनी को मिल सके।

पीएम ई-ड्राइव योजना देश में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने की एक महत्वाकांक्षी पहल है। इसके तहत चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के साथ-साथ इलेक्ट्रिक दोपहिया, तिपहिया, ई-बस और ई-ट्रक को भी सब्सिडी के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मधुबनी में चार्जिंग स्टेशन की तैयारी से यह स्पष्ट है कि आने वाले समय में जिले की सड़कों पर इलेक्ट्रिक वाहनों का पहिया बिना रुके चलता रहेगा।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
161709