यमुनानगर अजय हत्याकांड: दो साल से फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। बुडिया गेट पुलिस चौकी क्षेत्र में 21 मार्च 2024 को गोल्डन पुरी निवासी अजय की हत्या हुई थी। हत्या के बाद शव को आग के हवाले किया गया था। इस मामले में दो साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उत्तर प्रदेश के फैजाबाद निवासी अमित को शांति कॉलोनी जगाधरी से पकड़ा गया। उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
डीएसपी जगाधरी राजीव मिगलानी ने बताया कि मामले में अमित और दो महिलाओं के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ था। दोनों महिलाओं को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपित वारदात के बाद से फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
मामले की जांच उप निरीक्षक विनोद कुमार और राजीव की टीम कर रही थी। टीम ने पुराने साक्ष्य खंगाले। तकनीकी जांच की गई। मोबाइल लोकेशन की जांच हुई। गुप्त सूचना मिली कि आरोपित जगाधरी में छिपा है। इसके बाद शांति कॉलोनी में छापा मारा गया। आरोपित को मौके से काबू कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित अमित ने अजय के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया था। इससे उसकी मौत हो गई थी। वारदात के बाद शव को ई-रिक्शा में डाला गया। शव को बुडिया रोड पर ले जाया गया। वहां कपड़े में बांधकर आग लगा दी गई। पहचान मिटाने की कोशिश की गई।
डीएसपी ने बताया कि आरोपित से पूछताछ जारी है। रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी का प्रयास होगा। |
|