LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 831
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए निर्देश जारी।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान कॉपी में पैसे रखने पर कक्ष निरीक्षक पर कार्रवाई की जाएगी। कई छात्र परीक्षा की कॉपी में \“गुरुजी, मेरी शादी होने वाली है। जो रुपये कॉपी में दिये हैं, उसे मिठाई खा लीजिएगा। मुझे पास कर दीजिए वरना मेरी शादी रूक जाएगी\“ इस तरह की बातें लिख लेते हैं।
शिक्षकों को भावुक करने वाले परीक्षार्थी अब ऐसा नहीं कर पाएंगे। गुरुजी भी अब सतर्क रहेंगे। वजह माध्यमिक शिक्षा विभाग के सचिव भगवती सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र भेजा है।
कहा है कि उत्तर पुस्तिकाओं में रुपये मिलने पर संबंधित कक्ष निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसलिए परीक्षार्थियों की परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर ही सघन तलाशी कर ली जाए। यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि उसके पास परीक्षा सामग्री के पास कुछ अन्य अवैध वस्तु नहीं है।
सचिव ने जारी किया पत्र
सचिव ने 18 फरवरी से शुरू होने वाली हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी एवं मानक अनुरूप कराने के लिए पत्र जारी किया है। कहा है कि 18 फरवरी से 12 मार्च तक होने वाली बोर्ड परीक्षा की गरिमा और निष्पक्षता बनाए रखा जाए।
पूर्व के अनुभवों के आधार पर यह संज्ञान में आया है कि कुछ परीक्षार्थी अनजाने में या भ्रामक धारणाओं के चलते उत्तर पुस्तिकाओं के भीतर मुद्रा नत्थी कर देते हैं। यह न केवल परीक्षा अनुशासन के विरुद्ध है बल्कि परीक्षार्थियों के भविष्य को भी प्रभावित कर सकती है।
उत्तर पुस्तिका में मिलने वाली धनराशि राजकोष में होगी जमा
माध्यमिक शिक्षा सचिव भगवती सिंह ने पत्र भेजकर निर्देश दिया है कि बोर्ड परीक्षाओं के उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान यदि उसमें कोई धनराशि मिलती है तो उसे तत्काल नियमानुसार राजकोष में जमा कराया जाए। इसकी सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक को दी जाए।
ऐसे मामलों में परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम 2024 की सुसंगत धाराओं के तहत संबंधित के विरुद्ध उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए कार्रवाई की जाए।
बोर्ड परीक्षा को पारदर्शिता पूर्ण संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी। इसके बाद भी यदि किसी उत्तर पुस्तिका में रुपये नत्थी मिला तो संबंधित कक्ष निरीक्षक को जिम्मेदार मानते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसा निर्देश प्राप्त हुआ है। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को इसके प्रति अवगत करा दिया गया है। -जयराम सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक।
यह भी पढ़ें- यूपी बोर्ड परीक्षा में गड़बड़ी करने पर दर्ज होगा मुकदमा, रद होगी केंद्र की मान्यता
यह भी पढ़ें- यूपी बोर्ड परीक्षा में हर उत्तर पुस्तिकाओं पर लगेगी केंद्र व्यवस्थापक की मुहर, 8033 केंद्रों पर सख्त निगरानी |
|