LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 889
कैप्शन: सोलन के मानपुरा में रास्ता बंद करने पर दो गुटों में खूनी झड़प (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, बीबीएन। मानपुरा के तहत शिव मंदिर लिंक रोड हररायेपुर में मंगलवार शाम रास्ता अवरुद्ध होने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद झगड़े और मारपीट में बदल गया। इसमें दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हो गए।
हररायेपुर के निकट एक गली में निर्माण सामग्री रखी गई थी और हुसन नामक व्यक्ति के घर पर तीसरी मंजिल के लैंटर डालने का काम चल रहा था। इस दौरान पड़ोस के कुछ लोग कार में वहां आए तो रास्ता अवरुद्ध था। देखते ही देखते दोनों पक्षों में गहमागहमी बढ़ने लगी। विनोद कुमार रास्ता खाली करने पर अड़ा था और हुसन का परिवार काम चलने की बात कर रहा था।
थोड़ी ही देर में कहासुनी बड़े झगड़े का रूप ले गई और दोनों तरफ से पत्थर कस्सी व अन्य कई तरह के उपकरणों से मारपीट शुरू हो गई। इस मारपीट में दोनों पक्षों के करीब आठ लोग घायल हो गए हैं, जबकि एक घायल गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठन के कुछ लोग पुलिस थाना मानपुरा पहुंचे और उन्होंने थाने का घेराव किया और उपरोक्त परिवार पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की गई।
पुलिस ने संभाली स्थिति
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, वाहन क्षति और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस थाना मानपुरा की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस द्वारा दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। सभी घायलों का चिकित्सीय परीक्षण करवाया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है। |
|