जागरण संवाददाता, लखनऊ। भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) लखनऊ में अब स्नातक पाठ्यक्रम की भी पढ़ाई होगी। इसकी शुरुआत सत्र 2026-27 से चार वर्षीय बीएस इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड बिजनेस एनालिटिक्स (एआई एंड बीए) पाठ्यक्रम के साथ होगी।
12वीं उत्तीर्ण ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने जेईई एडवांस में निर्धारित रैंक प्राप्त की हो, वे प्रवेश के लिए पात्र होंगे। दाखिले मेरिट से होंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को दिल्ली में हुए भारत बोधन एआई कान्क्लेव 2026 के मौके पर आईआईएम लखनऊ के तीन नए एआई कोर्सों का उद्घाटन किया।
दरअसल, आईआईएम लखनऊ में अभी तक परास्नातक स्तर पर सात और पीएचडी के दो पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिए जाते हैं। पीजी कोर्सों में कामन एडमिशन टेस्ट (कैट) के स्कोर से प्रवेश का प्रविधान है। आईआईएम प्रशासन के अनुसार पहली बार स्नातक स्तर की पढ़ाई भी नए सत्र से शुरू होने जा रही है।
चार वर्षीय एआई स्नातक पाठ्यक्रम के साथ-साथ दो अन्य भी शुरू करने की योजना बनी है। जल्द ही इन कोर्सों की फीस तय हो जाएगी। उद्घाटन के अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “प्रबंधन संस्थानों द्वारा एआई को शिक्षा, नवाचार और समाजोपयोगी कार्यों से जोड़ना सराहनीय है। इससे विद्यार्थी एआई आधारित भविष्य के लिए तैयार होंगे और तकनीक मानव मूल्यों व राष्ट्रीय विकास की सेवा करेगी।
आईआईएम निदेशक प्रो. एमपी गुप्ता ने बताया कि नए एआई पाठ्यक्रम इस प्रकार तैयार किए गए हैं, जिसमें प्रबंधन की समझ और तकनीकी गहराई का संतुलित समावेश है। यह पहल तकनीकी नवाचार और व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य माडलों के बीच की दूरी को कम करेगी और ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड बीएस प्लस टेक एमबीए में भी प्रवेश
आईआईएम प्रशासन के अनुसार वर्ष 2027-28 से पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड बीएस प्लस टेक एमबीए पाठ्यक्रम भी शुरू होगा। इस कोर्स की खास बात ये है कि यदि किसी विद्यार्थी ने चार वर्षीय बीएस इन (एआई एंड बीए) में प्रवेश लिया तो उसे पीजी करने के लिए चौथे वर्ष में टेक एमबीए कोर्स का विकल्प दिया जाएगा, इससे विद्यार्थियों को कुल पांच वर्षों में दोनों डिग्रियां पूरी करने का मौका मिलेगा।
दो साल का टेक एमबीए शुरू होगा
आईआईएम शैक्षणिक सत्र 2027-28 से दो साल के टेक एमबीए कोर्स में भी प्रवेश लेना शुरू करेगा। यह कोर्स एआई टेक्नोलाजी पर आधारित होगा। इसमें कैट स्कोर के आधार पर प्रवेश लिया जाएगा। कैट पर्सेंटाइल के आधार पर शार्ट लिस्ट करके साक्षात्कार होगा। फिर फाइनल मेरिट जारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- विद्यार्थियों के तनाव को दूर करेंगे उच्च शिक्षण संस्थान, विश्वविद्यालयों में सजेगी भारतीय ज्ञान की शोधपीठ |