LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 624
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। झाझर मार्ग पर दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार चालकों की मौत हो गई और महिला व उसका पुत्र बाल-बाल बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के गांव सनैता भाईपुर निवासी 42 वर्षीय जितेंद्र पुत्र शीशपाल खुर्जा जंक्शन मार्ग स्थित पाटरी में मजदूरी करते थे। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वह बाइक पर सवार होकर पाटरी जा रहे थे। जब वह खुर्जा झाझर मार्ग पर मधूपुरा गांव के निकट पहुंचे, तो इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक सवार जितेंद्र और दूसरी बाइक सवार छतारी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर खुर्द गांव निवासी 55 वर्षीय भागेश्वर पुत्र जुमाली गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक सवार भागेश्वर का पत्नी उर्मिला और पुत्र माधव बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद मौके पर एकत्र हुए राहगीरों ने पुलिस को सूचित किया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जितेंद्र और भागेश्वर को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस द्वारा मृतकों के स्वजन को सूचित किया गया। अस्पताल में भागेश्वर की मौत होने पर उनकी पत्नी उर्मिला और पुत्र माधव बिलख उठे।
पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोहम्मदपुर खुर्द निवासी लाला ने बताया कि उनके भाई भागेश्वर अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए भाभी उर्मिला और भतीजे माधव के साथ बाइक से रबूपुरा गांव जा रहे थे।
उधर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लाेगों के अनुसार बाइक चला रहे दोनों लोगाें ने हेलमेट लगाया हुआ था। |
|