सरकार ने आंशिक रूप से चालू एक्सप्रेसवे पर टोल घटाया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अब आधे-अधूरे नेशनल एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वालों को कम टोल देना होगा। सरकार ने आंशिक रूप से चालू नेशनल एक्सप्रेसवे के उपयोगकर्ताओं के लिए टोल शुल्क कम करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियमों में संशोधन किया है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि संशोधित नियम 15 फरवरी से प्रभावी होंगे। सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दरों का निर्धारण और संग्रह) नियम, 2008 में संशोधन अधिसूचित किया है।
आंशिक रूप से चालू एक्सप्रेसवे पर टोल घटाया
मंत्रालय ने कहा कि इसके तहत यदि कोई नेशनल एक्सप्रेसवे शुरू से अंत तक पूरी तरह चालू नहीं है, तो उसके केवल तैयार हिस्से पर सामान्य राष्ट्रीय राजमार्ग के अनुसार कम दर से टोल शुल्क लिया जाएगा।
वर्तमान में नेशनल एक्सप्रेसवे पर उपयोगकर्ता शुल्क पूरी लंबाई के लिए सामान्य राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ता शुल्क से 25 प्रतिशत अधिक लिया जाता है, क्योंकि वे तेज और निर्बाध यात्रा अनुभव प्रदान करते हैं।
तैयार हिस्से पर सामान्य राष्ट्रीय राजमार्ग दर से टोल
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि अभी तक नेशनल एक्सप्रेसवे शुरू से अंत तक चालू न होने पर भी उसके तैयार हिस्से पर पूरा शुल्क वसूला जाता था।
नए प्रविधान के तहत यदि कोई नेशनल एक्सप्रेसवे शुरू से अंत तक पूरी तरह चालू नहीं है, तो उसके केवल तैयार हिस्से पर राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दर निर्धारण और वसूली) नियम, 2008 के अनुसार सामान्य राष्ट्रीय राजमार्ग की दर से कम टोल लिया जाएगा।
यह नियम संशोधन के लागू होने की तारीख से एक वर्ष तक या एक्सप्रेसवे के पूरी तरह से चालू होने तक, जो भी पहले हो, वैध रहेगा। |
|