search

‘नो रूम’ और 300 पार वेटिंग; होली पर घर लौटना बनी चुनौती, आरा जंक्शन पर टिकट का संकट, स्पेशल ट्रेन का इंतजार

cy520520 1 hour(s) ago views 274
  

आरा जंक्‍शन आने वाली ट्रेनें फुल। सांकेत‍िक तस्‍वीर  



जागरण संवाददाता, आरा। होली जैसे बड़े पर्व पर घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए इस बार रेल यात्रा किसी चुनौती से कम नहीं है।

दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन पर ट्रेनों की भारी भीड़ और टिकटों की किल्लत ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अधिकांश नियमित ट्रेनें पहले ही हाउसफुल हो चुकी हैं, जबकि कई गाड़ियों में ‘नो रूम’ की स्थिति बन गई है।

डीडीयू–पटना रेलखंड पर अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और चेन्नई से आने वाली लगभग सभी ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना लगभग असंभव हो गया है। स्लीपर से लेकर थर्ड एसी, सेकंड एसी और फर्स्ट क्लास तक की सीटें भर चुकी हैं। वेटिंग लिस्ट 200 से 300 के पार पहुंच गई है, जिससे यात्रियों में चिंता और निराशा बढ़ती जा रही है।
प्रवासियों की बढ़ी परेशानी

होली नजदीक आते ही प्रवासी मजदूरों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों की घर वापसी शुरू हो जाती है। लेकिन इस बार लाखों प्रवासियों के लिए त्योहार की खुशी चिंता में बदल गई है।

खासकर आरा, पटना और बिहार के अन्य जिलों की ओर आने वाले यात्रियों की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। कई यात्रियों का कहना है कि महीनों पहले टिकट बुक कराने के बावजूद उन्हें कन्फर्म सीट नहीं मिल सकी।
स्पेशल ट्रेनें नहीं, क्लोन ट्रेन की बुकिंग भी बंद

हर वर्ष होली के मौके पर रेलवे स्पेशल ट्रेनों की घोषणा कर यात्रियों को राहत देता है, लेकिन इस बार अब तक कोई ठोस घोषणा नहीं हुई है।

यात्रियों की उम्मीद 09447/09448 पटना–अहमदाबाद क्लोन ट्रेन से थी, लेकिन अचानक इसकी बुकिंग बंद कर दी गई।

रेलवे की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि बुकिंग क्यों रोकी गई और दोबारा कब शुरू होगी। इससे यात्रियों का आक्रोश और बढ़ गया है।
तत्काल टिकट भी मिनटों में फुल

टिकट की भारी मांग के कारण तत्काल कोटा भी कुछ ही मिनटों में फुल हो जा रहा है। ऑनलाइन बुकिंग के दौरान सर्वर स्लो और भारी ट्रैफिक की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे यात्रियों को बार-बार निराशा हाथ लग रही है।
इन ट्रेनों में गंभीर हालात

  • एक मार्च की स्थिति के अनुसार 19421 अहमदाबाद–पटना एक्सप्रेस में स्लीपर में 142 और थर्ड एसी में 123 वेटिंग चल रही है।
  • 19483 अहमदाबाद–सहरसा एक्सप्रेस के स्लीपर, थर्ड एसी और सेकंड एसी में ‘नो रूम’ की स्थिति है।
  • 12394 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और 12368 विक्रमशिला एक्सप्रेस के अधिकांश वर्गों में सीटें उपलब्ध नहीं हैं।
  • 12296 संघमित्रा एक्सप्रेस में भी स्लीपर में ‘नो रूम’, जबकि एसी कोचों में लंबी वेटिंग दर्ज है।

जनरल डिब्बों में बढ़ेगी भीड़

आरक्षित टिकट नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में यात्री जनरल डिब्बों में सफर करने को मजबूर हैं। जनरल कोचों में क्षमता से अधिक भीड़ के कारण यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है। स्टेशनों पर टिकट काउंटरों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
बस और हवाई किराया भी बढ़ा

रेल टिकट की किल्लत का असर अन्य परिवहन साधनों पर भी पड़ा है। निजी बस ऑपरेटरों ने किराया बढ़ा दिया है, जबकि हवाई किराए में भी त्योहार को देखते हुए वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे आम यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
रेलवे ने दिया आश्वासन

होली त्योहार को लेकर हाजीपुर रेलवे जोन की ओर से विशेष ट्रेनों के संचालन की योजना तैयार की जा रही है। जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी।  

हाजीपुर रेलवे जोन के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

अब यात्रियों की नजर रेलवे की वेबसाइट और घोषणाओं पर टिकी है, ताकि समय रहते स्पेशल ट्रेनों की जानकारी मिल सके और वे अपने घर पहुंचकर अपनों के साथ होली मना सकें।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
156313