असंध नाके के पास नहर में एक महिला ने छलांग लगा दी। सांकेतिक तस्वीर
जागरण संवाददाता, पानीपत। असंध नाके के पास नहर में बुधवार को एक महिला ने छलांग लगा दी। मौके पर राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ चौकी ले जाकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार महिला पिछले चार साल से अपने पति से अलग रह रही है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से पारिवारिक परेशानियों से गुजर रही थी। वह किसी बात से आहत थी और इसी तनाव के चलते उसने नहर में कूदने का कदम उठाया।
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने महिला को नहर में गिरते देखा तो तुरंत शोर मचाया और कुछ युवकों ने बिना देर किए पानी में उतरकर उसे बाहर निकाल लिया। यदि कुछ मिनट की भी देरी हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए।
पूछताछ में महिला ने बताया कि मानसिक और पारिवारिक तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने समझाकर उसे घर भेज दिया है। साथ ही उसके स्वजन को भी सूचित कर दिया है। एएसआइ नरेश कुमार का कहना है कि महिला पारिवारिक कारणों के चलते परेशान थी। बयान दर्ज कर उसे घर भेज दिया गया है। |
|